MP: रायसेन जेल में हत्यारोपी कैदी ने प्रहरी को गोली मारी, भागने की कर रहा था कोशिश
मध्य प्रदेश की रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह हत्या के आरोपी कैदी नीलेश ठाकुर ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह को देसी कट्टे से गोली मार दी। कैदी जेल से भागने की कोशिश कर रहा था।
रायसेन। मध्य प्रदेश रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हत्या के मामले में बंद विचाराधीन कैदी नीलेश ठाकुर ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर देसी कट्टे से फायर कर दिया। गोली प्रहरी के शरीर में धंस गई और उनकी हालत गंभीर हो गई। जेल कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने भोपाल एम्स रेफर कर दिया।
घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, नीलेश जेल के भीतर से गेट खुलवाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने प्रहरी दिग्विजय पर गोली चला दी। गोली कमर के नीचे लगी और शरीर के अंदर चली गई।
यह भी पढ़ें:जबलपुर स्थित BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत
जिला अस्पताल के डॉक्टर अभिषेक सागर ने बताया कि घायल प्रहरी की पीठ के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। एक्सरे में गोली फेफड़े के निचले हिस्से में दिखाई दी है। फेफड़े में पानी भरने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स भेजा गया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के मुताबिक, आरोपी नीलेश ठाकुर के खिलाफ पहले भी धारा 307 और 302 के मामले दर्ज रहे हैं और उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। उसने जेल परिसर के अंदर ही कट्टे से फायर किया। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नीलेश ठाकुर बरेली के पास स्थित दिमाड़ा गांव का रहने वाला है। वह हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी के तौर पर जिला जेल में बंद है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बुधवार को जेल में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी कार्यक्रम के सिलसिले में नीलेश फलों की टोकरी लेकर जेल के गेट तक आया था। इसी दौरान उसने गेट खुलवाकर भागने का प्रयास किया और रोकने पर प्रहरी पर फायर कर दिया।
यह भी पढ़ें:IIT इंदौर में AI से पढ़ा जा रहा दिमाग, EEG सिग्नल्स के जरिए हो रही ब्रेन हेल्थ पर रिसर्च
घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुरक्षा घेरे के भीतर बंद एक विचाराधीन कैदी तक देसी कट्टा कैसे पहुंचा। पुलिस और जेल प्रशासन अब हथियार जेल के अंदर पहुंचने के स्रोत समेत सुरक्षा में हुई संभावित चूक की जांच कर रहे हैं।




