MP: मदर डेयरी के बाद अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, 2 से 4 रुपए तक महंगे हुए उत्पाद
मध्य प्रदेश में अमूल दूध की कीमतें 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं। नई दरें 12 नवंबर से लागू हुई।
मध्य प्रदेश में अमूल दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने दूध के अलग अलग वेरिएंट के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई दरें गुरुवार 12 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपए के बजाय 74 रुपए में मिलेगा। जबकि, अमूल फ्रेश की कीमत 57 से बढ़कर 59 रुपए हो गई है।
प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे ज्यादा मांग है। यहां प्रतिदिन साढ़े 4 लाख लीटर से अधिक अमूल दूध की बिक्री होती है। शहरों के हिसाब से देखें तो इंदौर सबसे बड़ा बाजार है। वहां रोजाना करीब 1.25 लाख लीटर दूध की खपत होती है। भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में भी प्रतिदिन 50 हजार से 80 हजार लीटर तक अमूल दूध बिकता है।
अमूल ने कीमतों में बदलाव की जानकारी अपने सप्लायर्स को दे दी है। हालांकि, कंपनी की ओर से अब तक उन्हें लिखित आदेश नहीं मिला है। भोपाल के सप्लायर हरीश के मुताबिक, गुरुवार से ही राजधानी सहित प्रदेश के दूसरे शहरों में नए दाम पर दूध की बिक्री शुरू हो गई है।
राजधानी भोपाल में दूध की खपत का बड़ा हिस्सा खुले दूध से पूरा होता है। शहर में प्रतिदिन 6 से 8 लाख लीटर खुला दूध बिकता है। पैक्ड मिल्क के बाजार में सांची की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। इसकी रोजाना औसतन 3 लाख लीटर बिक्री होती है।
वहीं, अमूल का बाजार करीब 80 हजार लीटर प्रतिदिन का है। इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी भी राजधानी में दूध की सप्लाई करती हैं। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त दैनिक खपत करीब 1 लाख लीटर है। इन दोनों ब्रांड का वितरण भोपाल शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होता है। जबकि मदर डेयरी की सप्लाई मुख्य रूप से शहरी इलाकों तक सीमित है।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने वाली अमूल अकेली कंपनी नहीं है। मदर डेयरी ने भी बुधवार को अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि, मध्य प्रदेश में फिलहाल इसकी नई दरें लागू नहीं की गई हैं।
प्रदेश में मदर डेयरी रोजाना करीब 1.5 लाख लीटर दूध की आपूर्ति करती है। भोपाल में इसकी दैनिक खपत लगभग 25 हजार लीटर है। इसके अलावा कंपनी मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी दूध पहुंचाती है।
स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के अनुसार, मध्य प्रदेश में मदर डेयरी के दामों में बदलाव का फैसला स्थानीय बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर होता है। सांची या स्थानीय दूध संघों की कीमतों में बदलाव के बाद ही यहां नए रेट लागू किए जाते हैं। फिलहाल कंपनी की पुरानी कीमतों पर ही बिक्री जारी है।
बाजार में मिलने वाले दूध के प्रकारों में अंतर मुख्य रूप से फैट की मात्रा और उसकी तैयारी के तरीके को लेकर होता है। फुल क्रीम मिल्क में कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है। यह दूसरे वेरिएंट के मुकाबले अधिक गाढ़ा होता है।
टोंड मिल्क तैयार करने के लिए फुल क्रीम दूध में स्किम्ड मिल्क और पानी मिलाया जाता है। इससे इसमें फैट की मात्रा घटकर लगभग 3 प्रतिशत रह जाती है। डबल टोंड मिल्क में फैट और कम, करीब 1.5 प्रतिशत होता है। कम फैट वाला दूध पसंद करने वाले उपभोक्ता इसे चुनते हैं। वहीं, बल्क टोंड मिल्क मुख्य रूप से मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर उपलब्ध होता है। इसे पैकेट में बेचने के बजाय उपभोक्ताओं को सीधे बूथ से दिया जाता है।




