साध्वी प्रज्ञा के बास्केटबॉल खेलने पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा, अब तक तो यही पता था कि साध्वी ठीक से चल फिर भी नहीं सकती

साध्वी प्रज्ञा गुरुवार को पौधारोपण कार्यक्रम में पहुंची थीं, वहां खिलाड़ियों को बास्केटबॉल खेलता हुआ देखा वह भी बास्केटबॉल खेलने लगीं, बीजेपी नेता के वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया पर लोग साध्वी प्रज्ञा को जमकर ट्रॉल कर रहे हैं

Updated: Jul 02, 2021, 06:43 AM IST

भोपाल। अपने विवादित बयानों के चलते अमूमन सुर्खियों में रहने वाली भोपाल से बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। साध्वी प्रज्ञा का बास्केटबॉल खेलता हुआ एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साध्वी प्रज्ञा के वायरल वीडियो पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने तंज कसते हुए कहा है कि अभी तक को यही पता था कि साध्वी चल फिर तक नहीं सकतीं। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा, 'भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केट बॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी ख़ुशी हुई…अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती है…?ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे..' 

दरअसल बीजेपी सांसद गुरुवार शाम को शक्ति नगर में पौधारोपण कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थीं। वहां पर बास्केटबॉल ग्राउंड में खिलाड़ियों को बास्केटबॉल खेलता देख बीजेपी नेता भी बास्केटबॉल खेलने लगी। लोगों के लिए साध्वी को बास्केटबॉल खेलता देखना आश्चर्यचकित करने योग्य इसलिए था क्योंकि अब तक साध्वी को व्हील चेयर पर ही अमूमन देखा गया है। लेकिन यहां साध्वी एक पेशेवर खिलाड़ी की तरह बास्केटबॉल खेल रही थीं। 

साध्वी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बीजेपी नेता की खिंचाई भी शुरू हो गई। एक यूजर ने लिखा कि करकरे साहब की फोटो दिखाते ही साध्वी फिर से व्हील चेयर पर बैठ जाएंगी। वहीं एक यूजर ने लिखा कि मालेगांव बॉम्ब ब्लास्ट की मुख्य अभियुक्त साध्वी प्रज्ञा कोर्ट और पार्लियामेंट में तो व्हील चेयर पर जाती हैं, लेकिन यहां बास्केटबॉल खेल रही हैं।