SC कॉलेजियम ने की MP हाई कोर्ट के सात जजों के नामों की सिफारिश, राज्यपाल और सीएम ने जताई सहमति

कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में नियुक्ति के लिए कुल सात जजों के नाम की सिफारिश की है, इसके अलावा कॉलेजियम ने उत्तराखंड हाई कोर्ट में भी तीन जजों के नामों की सिफारिश की है

Updated: Apr 13, 2023, 05:07 PM IST

भोपाल। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में जजों की नियुक्ति के संबंध में सिफारिश की है। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में कुल सात जजों की नियुक्ति के लिए नामों की सिफारिश की है। कॉलेजियम द्वारा प्रस्तावित नामों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री और राज्यपाल पहले ही अपनी सहमति प्रदान कर चुके हैं। 

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जिन सात जजों की नियुक्ति की है उनमें रुपेश चंद्र, अनुराधा शुक्ला, संजीव सुधाकर, प्रेम नारायण सिंह, अचल कुमार पालीवाल, हिरदेश और अवनींद्र कुमार शामिल हैं। 

नवंबर 2022 में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने अपने दो वरिष्ठतम सहयोगियों के सुझाव पर सात नाम न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किए जाने के लिए चयनित किए थे। इस पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने अपनी सहमति जता दी थी। जिसके बाद न्याय विभाग के ज़रिए सात अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम को फ़ाइल प्राप्त हुई। 

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इसके अलावा उत्तराखंड हाई कोर्ट में चार जजों की नियुक्ति की भी सिफारिश की है। इस लिस्ट में न्यायाकि अधिकारी विवेक भारती शर्मा के अलावा पंकज पुरोहित, राकेश थपलियाल और सुभाष उपाध्याय सहित कुल तीन अधिवक्ता शामिल हैं। इसके साथ ही कॉलेजियम ने न्यायिक अधिकारी संजय कुमार जायसवाल को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में जज नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की है।