Assembly Elections Results 2023: त्रिपुरा, नागालैंड में भाजपा गठबंधन की वापसी, मेघालय में NPP बनी सबसे बड़ी पार्टी

नॉर्थ ईस्ट के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में आज विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। शुरुआती रुझानों में त्रिपुरा और नागालैंड में जहां बीजेपी सरकार बनाती दिख रही है। वहीं, मेघालय में NPP को बढ़त हासिल है।

Updated: Mar 02, 2023 04:50 PM IST

त्रिपुरा में बीजेपी रुझानों और परिणामों में सबसे बड़ी पार्टी के साथ-साथ बहुमत भी हासिल कर चुकी है। नागालैंड में भी बीजेपी एनडीपीपी के साथ मिलकर रुझानों और परिणामों में बहुमत को पार चुकी है।मेघालय के रुझान और परिणामों में एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

तीनों राज्यों के रुझान

त्रिपुरा में बीजेपी गठबंधन 36 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, नगालैंड में बीजेपी और उसके सहयोगी दल 40 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मेघालय में बीजेपी 4 सीट पर तो उसका पूर्व सहयोगी दल एनपीपी 28 सीटों पर आगे चल रही है।

पीएम मोदी 8 बजे करेंगे संबोधित

त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात 8 बजे बीजेपी मुख्यालय जाएंगे और भाषण देंगे। नॉर्थ ईस्ट के चुनाव नतीजों को लेकर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में जश्न का माहौल है।

नागालैंड में BJP गठबंधन का दमदार प्रदर्शन

नागालैंड में नेफ्यू रियो की नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन क्लीन स्वीप करता हुआ दिख रहा है। कुल 60 सीटों के रुझान आ चुके हैं, इनमें भाजपा गठबंधन 49 सीटों पर आगे है, एनपीएफ 6, एनपीपी 3 और कांग्रेस व अन्य 1-1 सीट पर आगे हैं।

मेघालय में NPP सबसे बड़ी पार्टी

मेघालय में अब पासा पलटता हुआ दिख रहा है। कॉनरॉड संगमा की एनपीपी अब सबसे बड़ी पार्टी बनती हुई दिख रही है। एनपीपी ताजा रुझानों में 23 सीटों पर आगे चल रही है। टीएमसी जो कुछ देर पहले तक किंगमेकर की भूमिका में दिख रही थी, अब सिर्फ 8 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मेघालय में भाजपा और कांग्रेस 6-6 सीटों पर आगे हैं।

नागालैंड में भाजपा को शानदार बढ़त

नागालैंड में स्थिति स्पष्ट होती दिख रही है। यहां बीजेपी गठबंधन को शानदार बढ़त मिली है। राज्य के 60 में से 57 सीटों के रुझान आए हैं, इनमें भाजपा गठबंधन 45 सीटों पर आगे चल रहा है। जबकि एनपीएफ सिर्फ 6 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 2 सीटों पर आगे है।

मेघालय में एनपीपी 19 सीटों पर आगे

मेघालय में सीएम कोनराड संगमा की पार्टी एनपीपी 19 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, बीजेपी 6 और कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल रही है। अन्य 11 सीटों पर आगे चल रही है।

शुरुआती रुझानों में त्रिपुरा में बीजेपी आगे

शुरुआती रुझानों में त्रिपुरा में बीजेपी 60 में से 34 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) पार्टी 5 सीटों पर आगे चल रही है और टीएमसी 5 सीटों पर आगे चल रही है।

नागालैंड में त्रिकोणीय मुकाबला

नगालैंड में फिलहाल नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा गठबंधन की सरकार है। यहां दोनों पार्टियां साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। सीटों के बंटवारे के समझौते के तहत एनडीपीपी 40 सीटों पर और बीजेपी 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। नगालैंड की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर त्रिकोणीय मुकाबला है। विपक्षी दल कांग्रेस और नागा पीपुल्स फ्रंट 23 और 22 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह चुनाव के बाद गठबंधन का विकल्प चुन सकती है।

मेघालय में TMC बिगाड़ेगी खेल

मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है। एनपीपी के कोनराड संगमा मुख्यमंत्री हैं। लेकिन इस बार दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। इस बार NPP ने 57, कांग्रेस और BJP ने 60-60 और TMC ने 56 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं। यहां टीएमसी कांग्रेस का वोट काटेगी।

त्रिपुरा में टिपरा मोथा पर निगाहें

त्रिपुरा में टिपरा मोथा पर निगाहें

त्रिपुरा चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी बड़ी जीत की उम्मीद कर रही है। उधर, सीपीएम ने कांग्रेस से हाथ मिला लिया है। त्रिशंकु सदन होने की स्थिति में नई पार्टी टिपरा मोथा के पास सारे पत्ते रहेंगे। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस-लेफ्ट के गठबंधन के बीच सीधी लड़ाई बताई जा रही है। हालांकि, त्रिपुरा राजवंश के उत्तराधिकारी प्रद्योत देबबर्मा की पार्टी टिपरा मोथा पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। प्रद्योत की पार्टी ने राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में काफ़ी पैठ बना ली है और कई सीटों पर कड़ी टक्कर दे रही है। त्रिपुरा में भाजपा 55 सीटों पर चुनावी मैदान में थी, जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा। वहीं, CPM 47 सीटों पर चुनाव लड़ी है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।