नीतीश और नायडू की टांगों पर चल रहे हैं मोदी, झूठ फैलाकर देश पर कर रहे राज, रायपुर में बोले खड़गे
खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार भय और झूठ फैलाकर देश पर राज कर रही है। ये लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने और डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को कांग्रेस द्वारा 'किसान, जवान और संविधान' जनसभा का आयोजन किया गया। इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत तमाम नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी दो टांगों से चल रहे हैं। मोदी की एक टांग आंध्र की टीडीपी है और दूसरी बिहार के नीतीश कुमार। इनमें से कोई भी हिली तो मोदी जी गिर जाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र सरकार भय और झूठ फैलाकर देश पर राज कर रही है। ये लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने और डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है, मर-मिटने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं, उन्हें भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। 67 नई शराब की दुकानें खोल दीं और नकली शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया। ये लोग सिर्फ कारोबार के नाम पर समाज को खोखला कर रहे हैं।
यह भी पढे़ं: बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को ADR ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती, चुनाव आयोग के आदेश को बताया मनमाना
खड़गे ने RSS और BJP पर संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संघ के एक विचारक ने ‘सोशलिज्म’ और ‘सेक्युलरिज्म’ शब्दों को संविधान से हटाने की बात कही है। 1980 में आपने अपने ही संविधान में क्या लिखा था? अब इन्हीं शब्दों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। ये शब्द हटाकर तो देखिए, पूरा देश आपके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। खड़गे ने कहा कि एक दिन भाजपा खुद अपने कामों पर शर्मिंदा होगी।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर खड़गे ने कहा कि साय सिर्फ मोदी और शाह के इशारों पर उठते-बैठते हैं, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया है। यह सिर्फ साय का नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ का अपमान है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि आज की सरकार दो बैसाखियों पर टिकी है। 2028 में फिर से वैसी ही लड़ाई लड़नी है जैसी 2018 में लड़ी थी। मैं आज की बारिश में भी यहां आए कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। यही कांग्रेस की असली ताकत है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम इस सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। गोली खानी पड़े तो भी कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। सरकार बस्तर की जमीन उद्योगपतियों को बेच रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त है।