असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर हमला, कांग्रेस ने बताया भाजपा के गुंडों की करतूत

कांग्रेस "टारगेटेड हमला" करने के लिए भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने जा रही है।

Updated: Jan 20, 2024, 02:37 PM IST

मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा नागालैंड होते हुए अब असम से गुजर रही है। असम में राहुल गांधी के अगुवाई में निकाली जा रही कांग्रेस की इस यात्रा पर हमले की सूचना है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात युवा कांग्रेस के काफिले पर बदमाशों ने हमला किया। कांग्रेस ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे भाजपा के गुंडों की करतूत करार दिया है।

कांग्रेस ने शनिवार 20 जनवरी को आरोप लगाया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले की गाड़ियों पर भाजपा के गुंडों ने लखीमपुर (असम) में हमला किया है। कांग्रेस "टारगेटेड हमला" करने के लिए भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने जा रही है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यह घटना शुक्रवार देर रात हुई थी लेकिन इसकी सूचना सुबह मिली। 

कांग्रेस ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर को फाड़ने और राहुल गांधी की तस्वीर वाले बैनर और कटआउट को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी घटना कैद है जिसमें कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर से छेड़छाड़ की जा रही है। 

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'असम के लखीमपुर में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के काफिले पर BJP के गुंडों ने हमला कर दिया। BJP के गुंडों ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पोस्टर-बैनर फाड़े और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। ये कायराना और शर्मनाक हरकत दिखाती है कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को मिल रहे प्यार और जनसमर्थन से BJP सरकार घबरा गई है, डर गई है। लेकिन.. मोदी सरकार और उसके इशारों पर चलने वाले असम के CM ये अच्छी तरह समझ लें- यह भारत की यात्रा है, अन्याय के खिलाफ न्याय की यात्रा है। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को कोई शक्ति नहीं रोक सकती। यात्रा जारी रहेगी.. न्याय का हक, मिलने तक। 

मामले पर असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि वाहन पर हमला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के निर्देश पर हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम बिस्वा सरमा के कहने पर यात्रा के लिए राहुल गांधी के कटआउट ले जा रहे ट्रकों पर लखीमपुर में हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई।