संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज से, कल पेश होगा मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट

सत्र शुरू होने से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। इसमें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी दी कि शीतकालीन सत्र में सस्पेंड हुए 146 विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द कर दिया गया है।

Updated: Jan 31, 2024, 12:30 PM IST

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करने जा रही है। संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। कल यानी कि 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया जाएगा। सत्र का शुरुआत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगा। राष्ट्रपति मुर्मू नई संसद में पहली बार दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के सदस्यों को संबोधित करेंगी। इस दौरान वे सरकार की उपलब्धियां बताएंगी।

सत्र शुरू होने से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। इसमें केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी दी कि शीतकालीन सत्र में सस्पेंड हुए 146 विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द कर दिया गया है। ये सभी सांसद आज से संसद की कार्यवाही में शामिल हो सकेंगे।

कल पेश होने वाले अंतरिम बजट में सरकार लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किसानों को बड़ी राहत दे सकती है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार करने के लिए अंतरिम बजट में राशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, घरेलू नवाचार और निजी निवेश को बढ़ावा देने पर सरकार फोकस कर सकती है।

बता दें कि अंतरिम बजट सिर्फ नई सरकार के आने तक सरकारी खर्चों को पूरा करने के लिए पेश किया जाएगा। लोकसभा चुनावों के बाद चुनी गई नई सरकार की तरफ से जुलाई में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पूर्ण बजट पेश किया जाएगा। लोकसभा चुनाव करीब हैं, ऐसे में बजट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं, वहीं चुनाव को देखते हुए बजट में आम जनता के लिए राहत की उम्मीद की जा रही है।