चंदा चोरी और वोट चोरी पर जवाबदेही तय हो, झांसी में आगे बढ़ी दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा

दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा झांसी पहुंची। पदयात्रा में कांग्रेस और सपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यात्रा में धार्मिक पारदर्शिता और लोकतंत्र के मुद्दे उठाए गए।

Publish: Nov 28, 2026, 07:58 PM IST

झांसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शनिवार को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में आगे बढ़ी। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, विधायक रजनीश सिंह, दतिया विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता पदयात्रा में शामिल हुए।

यात्रा शनिवार सुबह झांसी-कानपुर हाईवे स्थित गोरा मचिया से शुरू हुई। पदयात्रा थाना बड़ागांव, बड़ागांव, लखनलाल रिछारिया मेमोरियल हॉस्पिटल, मिथिला रिसोर्ट होते हुए ग्राम परीछा पहुंची। यहां दोपहर 1 बजे भोजन और विश्राम किया गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे यात्रा पुनः शुरू हुई और हाईवे किंग फैमिली रेस्टोरेंट तथा दांगी रिसॉर्ट पहाड़ी बुजुर्ग होते हुए आगे बढ़ी।

शाम को झांसी जिले के पहाड़ी बुजुर्ग स्थित श्री हनुमान मंदिर आश्रम में पदयात्रा का विश्राम हुआ। यहां रात्रि भोजन के बाद यात्रा में शामिल सभी लोग रात्रि विश्राम करेंगे। यात्रा की व्यवस्थाओं में पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह परीछा और जिला कांग्रेस कमेटी दतिया के अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा सहित स्थानीय कार्यकर्ता जुटे रहे।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जगह-जगह लोगों से संवाद करते हुए यात्रा के उद्देश्य और उसके संदेश को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म की मूल भावना, समरसता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। यात्रा के माध्यम से मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले दान और चढ़ावे की पारदर्शिता, धार्मिक संस्थाओं की जवाबदेही तथा लोकतंत्र में वोट की पवित्रता जैसे महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से हुई थी। यह यात्रा उज्जैन से अयोध्या स्थित श्रीरामलला मंदिर तक निकाली जा रही है। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों, सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों से जुड़े दान एवं चढ़ावे में पारदर्शिता की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही वोट चोरी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े सवालों पर भी जनजागरण किया जा रहा है।