भोपाल में दुर्घटना का शिकार हुई स्कूल बस, 2 बाइक और 2 कारों को मारी टक्कर, 12 बच्चे घायल

भोपाल के कोहेफिजा चौराहे पर शनिवार को लिटिल एंजिल्स स्कूल की बस बेकाबू होकर कई वाहनों व रेलिंग से टकरा गई। जिससे 12 बच्चे व कुछ शिक्षक घायल हो गए।

Publish: Nov 28, 2026, 06:29 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर शनिवार को एक निजी स्कूल की बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। लिटिल एंजिल्स स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पहले सड़क पर चल रही दो बाइक और दो कारों से जा टकराई। फिर डिवाइडर पार कर फुटपाथ पर चढ़ते हुए रेलिंग में जा घुसी। हादसे के वक्त बस में 20 से 30 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में 12 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 4 से 5 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ शिक्षक भी हादसे में चोटिल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस बच्चों और शिक्षकों को लेकर रविंद्र भवन जा रही थी। वहां स्कूल का एनुअल फंक्शन आयोजित होना था। इसी दौरान कोहेफिजा चौराहे के पास बस अचानक बेकाबू हो गई। अहमदाबाद क्षेत्र की ओर से आ रही बस चौराहे पर मुड़ने के बजाय रास्ते में दूसरे वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई और रेलिंग पर चढ़ गई।

यह भी पढ़ें:भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से रेप का आरोप, गांधी नगर थाने में FIR दर्ज

हादसे के दौरान बस एक पेड़ से भी टकराई थी। जिसके बाद वह रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ नहीं होता तो बस आगे बढ़कर तालाब में गिर सकती थी। जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। टक्कर के कारण बस की चपेट में आई बाइक और कारों को भी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां बच्चों और शिक्षकों का इलाज जारी है।

वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने बस चालक के नशे में होने का संदेह जताया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि चालक काफी दूर से ही असामान्य तरीके से बस चला रहा था और अचानक दूसरे वाहनों को टक्कर मारने लगा। हालांकि, चालक के नशे में होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक पर लगे आरोपों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:MP: फंदा सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में उतरे किसान, हाईवे पर बैठकर किया हनुमान चालीसा पाठ