By election Results: हिमाचल की सभी सीटों पर कांग्रेस आगे, राजस्थान में भी कांग्रेस ने मारी बाजी

देशभर में 3 लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों के लिए मंगलवार को काउंटिंग जारी है, मध्य प्रदेश में शुरुआती रुझानों में बीजेपी आगे है वहीं राजस्थान की दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को बढ़त है

Updated: Nov 02, 2021 09:15 AM IST

देश की तीन लोकसभा सीटों और 13 राज्यों की 29 विधानसभा सीटों के लिए हुए वोटिंग की गिनती जारी है। उपचुनाव में कई दिग्गज उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। 13 राज्यों के विधानसभा की 29 सीटों में से बीजेपी के पास 6 और कांग्रेस के नौ सीटें थीं। बाकी सीटें क्षेत्रीय दल के पास थी। वहीं तीन लोकसभा सीटों में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट भाजपा के रामस्वरूप शर्मा के निधन से, मध्यप्रदेश की खंडवा संसदीय सीट भाजपा के नंद कुमार सिंह चौहान के निधन से और दादरा और नगर हवेली सीट 7 बार के निर्दलीय सांसद मोहन डेलकर के निधन चलते खाली हुई है।

MP: जोबट में सुलोचना रावत विजयी

मध्य प्रदेश के जोबट विधानसभा क्षेत्र से कड़े मुकाबले के बाद बीजेपी उम्मीदवार सुलोचना रावत ने चुनाव जीत लिया है। सुलोचना कांग्रेस उम्मीदवार महेश पटेल को 6104 वोटों से हराने में कामयाब रहीं। यहां 5603 वोट नोटा को प्राप्त हुए हैं।

MP: कांग्रेस की कल्पना ने जीता रैगांव उपचुनाव

मध्य प्रदेश के रैगांव में कांग्रेस को जोरदार वापसी हुई है। कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा ने यहां अपने निकटतम बीजेपी प्रत्याशी प्रतिमा बागरी को 12290 वोटों से हराया। खास बात ये है कि तकरीबन 31 साल के बाद रैगांव में कांग्रेस की जीत हुई है। 

MP: पृथ्वीपुर में शिशुपाल यादव ने मारी बाजी

मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार शिशुपाल यादव ने बाजी मारी है। शिशुपाल यादव ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह राठौर को 15687 वोटों से हराया। नितेंद्र सिंह दिवंगत विधायक बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे हैं।

हिमाचल की सभी सीटों पर कांग्रेस आगे

हिमाचल की सभी सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। यहां तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार बलदेव ठाकुर, रतन सिंह पाल और चेतन सिंह आगे चल रहे हैं। प्रदेश की एक लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में भी कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने बढ़त बना रखी है।

पश्चिम बंगाल में बजा टीएमसी का डंका

पश्चिम बंगाल की चारों विधानसभा सीटों पर टीएमसी का डंका बज रहा है। टीएमसी ने जीत की जश्न भी मनाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस दौरान कहा, 'सभी चारों सीटें जीतने वाले उम्मीदवारों को मेरी हार्दिक बधाई! यह जीत लोगों की जीत है, लोगों के आशीर्वाद से, हम बंगाल को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा करते हैं!'

मंडी में प्रतिभा सिंह आगे

मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह बीजेपी उम्मीदवार रिटायर्ड ब्रिगेडियर खुशहाल सिंह पर बढ़त बनाए हुए हैं। प्रतिभा सिंह फिलहाल बीजेपी उम्मीदवार से 8672 वोटों से आगे चल रही हैं।

जोबट: BJP उम्मीदवार 12,928 वोट से आगे

मध्य प्रदेश के जोबट विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सुलोचना रावत आगे चल रही हैं। सुलोचना अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी महेश रावत से 12,928 वोट से आगे हैं। बता दें कि सुलोचना रावत ने चुनाव पूर्व ही कांग्रेस से पाला बदलकर बीजेपी का दामन थामा था।

31 साल बाद BJP के गढ़ में कांग्रेस आगे

मध्य प्रदेश के रैगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा आगे हो गईं हैं। कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा बीजेपी के प्रतिमा बागरी से 711 वोटों से आगे हैं। रैगांव सीट पर पिछले 31 साल से बीजेपी जीतती रही है। यहां कांग्रेस की सेंधमारी की खबर ने पूरे विंध्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। 

MP: 2 विधानसभा सीटों पर BJP को बढ़त

मध्य प्रदेश के 2 विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने बढ़त बना लिया है। पृथ्वपुर में बीजेपी के शिशुपाल यादव कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह राठौर से 4092 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं जोबट में बीजेपी उम्मीदवार सुलोचना रावत कांग्रेस के महेश पटेल से 7874 वोटों से आगे हैं।

असम में BJP का पलड़ा भारी

असम के भवानीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार फणी तालुकदार 27203 वोटों से आगे चल रहे हैं। गोसाईगांव सीट से यूपीपीएल प्रत्याशी जिरोन बसुमतारी 14890 मतों से आगे चल रहे हैं। मरियानी से बीजेपी उम्मीदवार रूपज्योति कुर्मी 2874 वोटों से आगे हैं। तामूलपुर सीट से यूपीपीएल प्रत्याशी जोलेन डेमरी 18681 मतों से आगे हैं। थौरा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुशांत बोरगोहेन 10309 मतों से आगे हैं।

राजस्थान के दोनों सीट पर कांग्रेस आगे

राजस्थान के दोनों विधानसभा सीट- वल्लभनगर और धारियावाड़ में कांग्रेस की बढ़त बरकरार है। इस चुनाव को अशोक गहलोत सरकार के रिपोर्ट कार्ड के रूप में देखा जा रहा है। उधर पश्चिम बंगाल की चारों सीट पर TMC आगे है।

MP के सभी सीटों पर BJP आगे

शुरुआती रुझानों के मुताबिक मध्य प्रदेश के सभी सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। खंडवा से कांग्रेस उम्मीदवार राजनारायण सिंह पुरनी पीछे हैं, उधर रैगांव में कल्पना वर्मा भी पीछे चल रही हैं। पृथ्वीपुर और जोबट में भी बीजेपी उम्मीदवारों ने बढ़त बना रखी है।