शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स ने लगाई 1000 अंकों की छलांग, निफ्टी भी 23,900 के पार

सेंसेक्स 1000 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 76,500 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 300 अंकों यानी 1.30 फीसदी की तेजी है।

Updated: May 25, 2026, 03:44 PM IST

ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को बंपर तेजी लौटी। सोमवार सुबह बाजार खुलते ही दलाल स्ट्रीट पर मानों हरियाली छा गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही प्रमुख सूचकांकों ने सप्ताह की जोरदार शुरुआत की है।

सेंसेक्स 1000 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 76,500 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 300 अंकों यानी 1.30 फीसदी की तेजी है, ये 24,050 के स्तर पर पहुंच गया है। आज के कारोबार में ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी शेयर्स में ज्यादा खरीदारी देखी गई।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान जंग खत्म करने का समझौता 'लगभग फाइनल' हो चुका है। दोनों देशों के बीच अभी आखिरी डिटेल्स पर काम चल रहा है। खाड़ी देशों के नेताओं और इजरायली प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद ये समझौता फाइनल हो रहा है।

ट्रम्प ने कहा कि समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को फिर से खोला जाएगा। यह वही समुद्री रास्ता है जहां से दुनिया की कुल तेल सप्लाई का करीब पांचवां हिस्सा गुजरता है। इस खबर के आने के बाद अब दुनियाभर के बाजार से सकारात्मक संकेत हैं। इसी ग्लोबल पॉजिटिविटी ने हमारे घरेलू बाजार को भी तेजी से ऊपर खींच लिया है।