22 वर्षीय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या, पालघर स्थित घर में फंदे पर लटका मिला शव

लोकप्रिय टीवी और फिल्म अभिनेत्री संचिता उगले सोमवार को पालघर स्थित अपने घर में मृत पाई गईं। उनका शव सीलिंग फैन से लटका मिला।

Publish: Jun 15, 2026, 04:32 PM IST

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर से टीवी इंडस्ट्री को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का सोमवार को निधन हो गया। 22 वर्षीय अभिनेत्री का शव उनके घर में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु या परिस्थिति नहीं मिली है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय संचिता घर में अकेली थी। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई है और अब तक किसी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री के पिता ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है और न ही किसी व्यक्ति को उनकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

यह भी पढ़ें:100 फीसदी इथेनॉल ईंधन को केंद्र की मंजूरी, जल्द सड़कों पर दौड़ेंगे फ्लेक्स-फ्यूल वाहन

संचिता उगले अपने माता-पिता के साथ पालघर में रहती थी और कम उम्र में ही टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकी थी। उन्होंने कई चर्चित धारावाहिकों में अभिनय किया था। दर्शकों ने उन्हें कुमकुम भाग्य और वागले की दुनिया जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में देखा था। हाल ही में वह दंगल टीवी के शो साजन घर में का हिस्सा थी। इसके अलावा उन्होंने दिलवाली दूल्हा ले जाएगी में अभिनेता सौरभ बेदी के साथ मुख्य भूमिका निभाकर भी पहचान हासिल की थी।

टीवी के साथ साथ संचिता ने फिल्मों में भी काम किया था। ऐतिहासिक फिल्म छावा में उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था। इस फिल्म में विक्की कौशल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके अलावा वह अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट का भी हिस्सा रह चुकी थी।

उनकी मौत ने प्रशंसकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। खास बात यह है कि निधन से कुछ घंटे पहले ही संचिता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इस रील में वह डफली वाले, डफली बजा गीत पर लिपसिंक करती दिखाई दी थी। वीडियो के साथ उन्होंने मैं नाचूं, तू नचा कैप्शन लिखा था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में बड़ी संख्या में प्रशंसक और शुभचिंतक श्रद्धांजलि संदेश लिख रहे हैं।

यह भी पढ़ें:मुरैना में आग लगने की अफवाह से ट्रेन से कूदे पैसेंजर, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से 4 की मौत

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली संचिता के इंस्टाग्राम पर करीब 1.39 लाख फॉलोअर्स थे। उनके अचानक निधन से टीवी और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।