रायपुर में साइबर ठगी का शिकार हुए ट्रिपल आईटी के असिसटेंट प्रोफेसर, ठगों ने खाते से उड़ाए 1.08 लाख रुपये

रायपुर स्थित IIIT के असिस्टेंट प्रोफेसर साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने बिना किसी OTP के उनके SBI नेट बैंकिंग खाते से 1.08 लाख रुपये उड़ा दिए।

Updated: Jun 09, 2026, 07:20 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी में कार्यरत एक सहायक प्राध्यापक साइबर ठगी का शिकार हो गए। अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते में बिना अनुमति एक फर्जी बेनिफिशियरी जोड़कर तीन अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1 लाख 8 हजार रुपये निकाल लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद राखी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रिपल आईटी नवा रायपुर के प्राध्यापक आवास में रहने वाले कृष्णानंद विश्वकर्मा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 जून को उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते से जुड़े मोबाइल नंबर पर लगातार रकम कटने के संदेश आने लगे थे। इन संदेशों में 44 हजार रुपये, 44 हजार रुपये और 20 हजार रुपये खाते से निकाले जाने की जानकारी दी गई थी।

यह भी पढ़ें:जापान के बाद नेपाल ने भी लगाई भारतीय आमों के आयात पर रोक, ज्यादा कीटनाशक होने का आरोप

अचानक खाते से पैसे निकलने की सूचना मिलने पर कृष्णानंद विश्वकर्मा ने अपने लैपटॉप के माध्यम से नेट बैंकिंग अकाउंट की जांच की। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उनके खाते में फैजान नाम का एक व्यक्ति बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ा गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने स्वयं ऐसा कोई बेनिफिशियरी नहीं जोड़ा था और न ही इसके लिए उनके मोबाइल नंबर पर किसी प्रकार का ओटीपी प्राप्त हुआ था।

इसके बाद उन्होंने बैंक खाते के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की। जिसमें सामने आया कि खाते से तीन अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 1.08 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। राखी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाते में फर्जी बेनिफिशियरी किस तरीके से जोड़ा गया और रकम किस खाते में ट्रांसफर की गई।

यह भी पढ़ें:भोपाल के फाइव स्टार कोर्टयार्ड बाय मैरियट का फूड लाइसेंस निलंबित, किचन और स्टोर में मिले थे चूहे