कांग्रेस ने 6 प्रदेशों में किए बड़े फेरबदल, शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात की कमान, दिल्ली और हरियाणा के प्रभारी होंगे बाबरिया
कांग्रेस ने शुक्रवार को बड़े बदलाव करते हुए 6 प्रदेशों में कई नियुक्तियां की हैं। शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी का मुखिया बनाया गया है तो वहीं दीपक बाबरिया को दिल्ली और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस ने 6 प्रदेशों में बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल को गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, दीपक बाबरिया को दिल्ली और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर बताया कि राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल गुजरात कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष होंगे। 2022 में गुजरात विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद जगदीश ठाकोर ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से यह पद खाली था। ऐसे में पार्टी ने कद्दावर नेता शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात की कमान सौंपी है।
Hon'ble Congress President has appointed the following as Presidents of the respective Pradesh Congress Committees/Regional Congress Committee with immediate effect. pic.twitter.com/sIdMbsMoAr
— INC Sandesh (@INCSandesh) June 9, 2023
शक्ति सिंह गोहिल इससे पहले दिल्ली और हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी थे। इन पदों से उन्हें मुक्त कर उनकी जगह गुजरात के ही नेता दीपक बाबरिया को दिल्ली और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुडुचेरी में भी नया कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सांसद वी वैथिलिंगम को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। वी वैथीलिंगम केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट से सांसद हैं।
महाराष्ट्र में भी फेरबदल करते हुए युवा नेता वर्षा गायकवाड़ को मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। इससे पहले भाई जगताप मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष थे। वर्षा गायकवाड महाराष्ट्र की धारावी विधानसभा सीट से विधायक हैं।
Hon'ble Congress President has appointed Shri Mansoor Ali Khan as Secretary, AICC attached to the AICC In-charge of Telangana with immediate effect. pic.twitter.com/Xp33juOk0F
— INC Sandesh (@INCSandesh) June 9, 2023
इसके साथ ही मंसूर अली खान को तेलंगाना कांग्रेस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है। वह प्रदेश अध्यक्ष के साथ मिलकर काम करेंगे। वहीं, कांग्रेस सचिव पीसी विष्णुनाथ को कर्नाटक की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए उन्हें तेलंगाना कांग्रेस प्रभारी के साथ अटैच किया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने ये फेरबदल किए हैं।