कोरोना ने मचाया हाहाकार, भारत में पहली बार एक दिन में दर्ज हुए 2 लाख से ज्यादा Covid-19 केस

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड दो लाख 739 नए मामले सामने आए, इस दौरान 1 हजार 38 लोगों की मौत हुई, 13 फीसदी के पार गया पॉजिटिविटी रेट

Updated: Apr 15, 2021, 05:15 AM IST

Photo Courtesy: MoneyControl
Photo Courtesy: MoneyControl

नई दिल्ली। देश में कोरोना की बेकाबू रफ्तार ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। दुनियाभर में हर दिन सबसे ज्यादा केस भारत में हीं आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना ने अबतक के सभी रिकॉर्ड को तोड़ते हुए दो लाख के आंकड़ों को पार कर गया है। भारत में पहली बार एक दिन में दो लाख से ज्यादा पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को 2 लाख 739 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस दौरान कुल 1 हजार 38 लोगों की जान चली गई। पिछले साल 2 अक्टूबर के बाद देश में यह मौत का सर्वाधिक आंकड़ा है। देश में एक्टिव मामलों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल यह 14 लाख 71 हजार 877 है। थोड़ी राहत की बात यह है कि 93 हजार 528 लोग ठीक भी हुए हैं।

देश में अबतक के कुल मामलों को देखा जाए तो 1 करोड़ 40 लाख 74 हजार 564 लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं कुल डिस्चार्ज हुए लोगों की संख्या 1 करोड़ 24 लाख 29 हजार 564 है। इस घातक बीमारी से अबतक 1 लाख 73 हजार 123 लोगों की जानें गई है। देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेज गति से जारी है। बुधवार को देशभर में 33 लाख 13 हजार 848 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं अबतक कुल 11 करोड़ 44 लाख 93 हजार 238 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं।