दिलीप वलसे पाटिल होंगे महाराष्ट्र के नए गृह मंत्री, औपचारिक एलान होने की है देर

अनिल देशमुख ने आज उद्धव सरकार में गृह मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया है, पूर्व पुलिस कमिश्नर द्वारा उनके ऊपर लगाए गए आरोपों की सीबीआई जाँच के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ा है

Updated: Apr 05, 2021, 11:47 AM IST

Photo Courtesy: India Tv
Photo Courtesy: India Tv

मुंबई। उद्धव सरकार में गृह मंत्री के पद से अनिल देशमुख के इस्तीफ़ा देने के बाद दिलीप वलसे पाटिल को गृह मंत्रालय की ज़िम्मेदारी मिलना लगभग तय है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिलीप वलसे पाटिल ही राज्य के अगले गृह मंत्री हो सकते हैं। दिलीप वलसे पाटिल के नाम पर केवल औपचारिक ऐलान होने की देर है।  

अनिल देशमुख 2019 में एनसीपी के कोटे से गृह मंत्री बने थे। लिहाज़ा देशमुख के इस्तीफे के बाद नया गृह मंत्री भी एनसीपी के कोटे से ही बनेगा। इसलिए गृह मंत्री के पद की दावेदारी में दिलीप वलसे का नाम सबसे आगे है।

दिलीप वलसे पाटिल 6 बार के विधायक रहे हैं। पाटिल ने सबसे पहला चुनाव 1990 में अंबेगांव विधानसभा सीट से जीता था।  दिलीप वलसे पाटिल इस समय उद्धव सरकार में आबकारी मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं। पाटिल एनसीपी प्रमुख शरद पवार के करीबी नेताओं में से एक माने जाते हैं। पाटिल ने मुंबई के सरकारी लॉ कॉलेज से वकालत की पढ़ाई की है।