भारत ने दशकों तक अमेरिका का फायदा उठाया, अब हम उनसे बहुत पैसा कमा रहे: डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार को लेकर कहा कि लंबे समय तक भारत ने अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाए और उसका फायदा उठाया। अब स्थिति बदल गई है और अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और भारत जल्द ही एक व्यापार समझौते पर पहुंच जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के साथ व्यापार को लेकर कहा कि लंबे समय तक भारत ने अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाए और उसका फायदा उठाया। ट्रंप ने दावा किया कि अब स्थिति बदल गई है और अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने गुरुवार को कहा, 'मैं उनको (भारत) दोष नहीं देता, अपने लोगों को देता हूं क्योंकि हम बेवकूफ हैं। कई सालों तक भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया... उन्होंने हम पर बहुत ज्यादा टैक्स (टैरिफ) लगाए और खुद कुछ नहीं दिया... अब स्थिति बिल्कुल उलटी है और हम भारत से बहुत पैसा कमा रहे हैं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका और भारत के बीच जल्द ही एक बड़ा व्यापार समझौता भी हो सकता है, क्योंकि मैं मोदी को बहुत पसंद करता हूं। मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हमारे संबंध अच्छे हैं और हम एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका की एक टीम हाल ही में नई दिल्ली में भारत सरकार के अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत कर चुकी है। दोनों देश एक अस्थायी व्यापार समझौते पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि व्यापार से जुड़े कुछ मुद्दों का जल्द समाधान किया जा सके।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि बातचीत सकारात्मक रही है और दोनों देश ऐसा समझौता करना चाहते हैं जिससे भारत और अमेरिका, दोनों को फायदा हो। यानी दोनों पक्ष अभी भी व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।




