केंद्रीय मंत्री नारायण राणे गिरफ्तार, सीएम उद्धव ठाकरे को कही थी थप्पड़ मारने की बात

नारायण राणे ने अग्रिम जमानत के लिए रत्नागिरी कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया, नासिक पुलिस के आदेश पर रत्नागिरी पुलिस ने राणे को अपनी हिरासत में लिया है

Updated: Aug 24, 2021, 10:01 AM IST

Photo Courtesy: Deccan Herald
Photo Courtesy: Deccan Herald

मुंबई। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बयानबाजी करना भारी पड़ गया। नारायण राणे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नासिक पुलिस के आदेश पर रत्नागिरी पुलिस ने राणे को अपनी हिरासत में लिया है। अब भाजपा नेता को रत्नागिरी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इससे पहले रत्नागिरी कोर्ट ने नारायण राणे को बड़ा झटका दिया था। राणे ने गिरफ्तारी से बचने के लिए रत्नागिरी कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। जिसके बाद से ही राणे की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई थी।

मुख्यमंत्री के लिए उपयोग किए गए अभद्र भाषा के खिलाफ शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने आज जमकर प्रदर्शन किया। शिसवैनिकों ने नासिक स्थित भाजपा कार्यालय पर पथराव किया। इसके साथ ही मुंबई में नारायण राणे के घर के बाहर शिवसेना और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हो गई।

यह भी पढ़ें : केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी के आदेश जारी, सीएम उद्धव ठाकरे को कहे थे अपशब्द

नारायण राणे इस समय महाराष्ट्र में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उन्होंने सोमवार को रायगढ़ में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करते हुए थप्पड़ मारने की बात कही थी। नारायण राणे के इस विवादित बयान पर विवाद बढ़ने के बाद केंद्रीय मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। नासिक पुलिस ने राणे को गिरफ़्तार करने के आदेश भी जारी कर दिए।