भारत जोड़ो यात्रा में राहुल-सिद्धारमैया ने लगाई दौड़, CM भूपेश बोले- अब तो तैयारी करके जाना पड़ेगा

भारत जोड़ो यात्रा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें राहुल गांधी को अचानक सिद्धारमैया का बायां हाथ पकड़कर दौड़ते हुए देखा जा सकता है।

Updated: Oct 07, 2022, 04:13 AM IST

बेंगलुरु। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों कर्नाटक में है। यात्रा में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के शामिल होने से कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा है। गुरुवार को यात्रा के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, इसमें राहुल गांधी कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का हाथ पकड़कर उन्हें अपने साथ दौड़ा रहे हैं।

वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को शुरू में मार्च के दौरान राहुल गांधी के ठीक बगल में चलते हुए देखा जा सकता है। वे अन्य कांग्रेस नेताओं और सुरक्षाकर्मियों के साथ थे। फिर अचानक सभी को आश्चर्यचकित करते हुए राहुल गांधी ने सिद्धारमैया का बायां हाथ पकड़ लिया और दौड़ना शुरू कर दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को भी राहुल गांधी के रुकने तक उनके साथ तालमेल बिठाते हुए देखा जा सकता है।

यह भी पढ़ें: मां के जूतों के फीते बांधते नजर आए राहुल गांधी, कर्नाटक से भारत जोड़ो यात्रा का मार्मिक दृश्य

कांग्रेस की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कमेंट किया है। उन्होंने लिखा कि अब तो तैयारी करके जाना पड़ेगा। भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक में प्रवेश कर गई और 21 अक्टूबर तक राज्य में जारी रहेगी। राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से यह यात्रा बेहद अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस का यहां सीधा मुकाबला बीजेपी से है। जैसे ही मार्च ने कर्नाटक में प्रवेश किया राहुल गांधी ने सुनिश्चित किया कि कर्नाटक कांग्रेस के दोनों दिग्गज सिद्धारमैया और पूर्व कैबिनेट मंत्री डीके शिवकुमार को समान महत्व दिया जाए। कांग्रेस दोनों नेताओं के बीच संबंधों को मजबूत कर कार्यकर्ताओं में एकता का संदेश देने की कोशिश कर रही है। हाल ही में राहुल गांधी ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों का हाथ उठाया और उन्हें एक साथ ढोल बजाने के लिए कहा था।