राज्यसभा चुनाव: नटराजन का पर्चा रद्द होने से गरमाई सियासत, आज दोपहर EC से मिलेंगे कांग्रेस नेता

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। पार्टी ने कहा कि नामांकन रद्द करना गलत है और यह राजनीतिक साजिश है। कांग्रेस ने कहा कि वह इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भी जाएगी।

Updated: Jun 10, 2026, 10:02 AM IST

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र मंगलवार को जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने रद्द कर दिया। इसके साथ ही प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने के फ़ैसले के विरुद्ध कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। पार्टी ने कहा कि नामांकन रद्द करना गलत है और यह राजनीतिक साजिश है। कांग्रेस ने कहा कि वह इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भी जाएगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किये जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह बीजेपी द्वारा एक सीट छीनने और दिनदहाड़े लूट का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रयास के खिलाफ कानूनी तरीके के अलावा सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी।

केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को खारिज करना बीजेपी द्वारा गुप्त तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट करने का एक प्रयास है। उनके नामांकन में किसी भी त्रुटि या कोई जानकारी छिपाने का आरोप पूरी तरह से मूर्खतापूर्ण है और कांग्रेस से एक सीट छीनने का एक हताशा भरा प्रयास है।' वेणुगोपाल ने कहा, ‘जब उन्हें (बीजेपी) एहसास हुआ कि हमारे कांग्रेस विधायकों से सौदा करने की उनकी गंदी चालें विफल होने वाली हैं, तो वे इतने नीचे गिर गए कि उनका नामांकन खारिज करवा दिया।’

बहरहाल, इस फैसले के विरुद्ध दिल्ली और भोपाल में आज कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग के दफ्तर जाकर मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने पर कार्रवाई की मांग करेंगे। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली और भोपाल में चुनाव आयोग के दफ्तरों के बाहर धरना दिया था। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग ने भोपाल में आज सुबह 11 बजे जबकि दिल्ली में दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है।

बता दें कि मंगलवार शाम 6:30 बजे रिटर्निंग ऑफिसर ने बीजेपी की आपत्ति पर सुनवाई के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया था। बीजेपी का आरोप था कि उन्होंने हैदराबाद की अदालत में लंबित एक मामले की जानकारी अपने नामांकन पत्र में नहीं दी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला आया, जिसके बाद पूरे देश की राजनीतिक सियासत गरमा गई।