दिल्ली-एनसीआर में भारत बंद का असर, जानिए कौन से रास्ते बंद और कौन से खुले हैं

Bharat Bandh: दिल्ली-एनसीआर में भी चक्का जाम शुरू, यूपी गेट पर किसानों का बड़ा जमावड़ा

Updated: Dec 08, 2020, 05:42 PM IST

Photo Courtesy: India.com
Photo Courtesy: India.com

नई दिल्ली। किसानों के भारत बंद का असर देश के अलग-अलग राज्यों में दिखने लगा है। दिल्ली की सड़कों पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जानकारी दी है कि आज वे किन रास्तो से जा सकते हैं और किन रास्तों को बंद रखा गया है। पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाले बहुत से रास्ते तो तेरह दिन से जारी किसान आंदोलन की वजह से पहले से ही बंद किए जा चुके हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, किसानों को प्रदर्शन को लेकर सिंघू, औचंदी, पियाओ मनियारी, मंगेश, टीकरी और झड़ौदा बॉर्डर बंद कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं नेशनल हाइवे 44 भी दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। पुलिस ने यात्रा करने वालों को लामपुर, साफियाबाद और सबोली बॉर्डर का रास्ता लेने का सुझाव दिया है। मुकरबा और जीटीके रोड से भी यातायात का मार्ग बदल दिया गया है। इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वह दिल्ली आने के लिए NH 24 से बचें और दिल्ली आने के लिए अप्सरा, भोपड़ और डीएनडी का उपयोग करें। नेशनल हाइवे 24 पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है।

नोएडा से दिल्ली यातायात को बंद कर दिया गया है। नोएडा लिंक रोड़ पर चिल्ला बॉर्डर भी बंद है। गौतमबुद्ध गेट के पास किसानों के प्रदर्शन के चलते यह बॉर्डर बंद किया गया है। पुलिस ने लोगों को नोएडा लिंक रोड से परहेज करने और डीएनडी का इस्तेमाल करने की सलाह दे रही है। वहीं हरियाणा के लिए दौराला, कपासेरा, राजोखरी NH 8, बिजवासन / बजघेरा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाएं खुली हुई हैं।