भोपाल: उषा अर्घ्य के साथ हुआ छठ महापर्व का समापन, शीतलदास की बगिया में हजारों श्रद्धालुओं ने की पूजा

भोपाल के शीतलदास की बगिया घाट पर चार दिवसीय छठ पूजा संपन्न हुई। हजारों श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला।

Updated: Nov 16, 2026, 09:04 AM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के कमला पार्क स्थित ऐतिहासिक शीतलदास की बगिया घाट पर चल रहे चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज सोमवार सुबह विधिवत समापन हो गया। सुबह ठीक 6:35 बजे सूर्योदय की पहली किरण के साथ हजारों की संख्या में मौजूद व्रतियों ने बड़े तालाब के जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। कच्चे गाय के दूध, पवित्र जल, ठेकुआ महाप्रसाद और फलों से सजे सूप के साथ सूर्य देव की उपासना करने के बाद श्रद्धालुओं ने अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत खोला और पारण किया।

इस पूरे भव्य धार्मिक अनुष्ठान का सफल संचालन भोजपुरी एकता मंच समिति द्वारा किया गया था। मंच के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर प्रसाद के नेतृत्व में समिति विगत 35 वर्षों से शीतलदास की बगिया घाट पर इस मुख्य आयोजन की कमान संभाल रही है। इस साल भी 13 नवंबर को नहाय खाय के साथ पर्व की शुरुआत हुई थी। जिसके तहत मंच ने महाप्रसाद ठेकुआ की शुद्धता बनाए रखने के लिए कमला पार्क के संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं हेतु दो दिवसीय नि:शुल्क गेहूं पिसाई की विशेष व्यवस्था भी उपलब्ध कराई थी।

समापन से एक दिन पहले यानी रविवार 15 नवंबर की शाम को भी घाट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला था। दोपहर से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और शाम 5:35 बजे सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया। पीले वस्त्रों, ध्वजों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजे पूरे घाट पर संध्या अर्घ्य के बाद 2100 मिट्टी के दीपों का भव्य दीपदान किया गया। जिससे बड़े तालाब का किनारा जगमगा उठा था। आयोजन के दौरान आतिशबाजी, नौका विहार और 51 किलोग्राम गुलाब की पंखुड़ियों से की गई पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। 

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ साथ सांस्कृतिक संध्या ने भी समां बांधे रखा था। भोजपुरी एकता मंच के मंच से बिहार के सुप्रसिद्ध लोक गायक हंसनाथ मिश्रा उर्फ मिट्ठू मिश्रा और वाराणसी के चर्चित गायक सक्षम शर्मा ने पारंपरिक छठ गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी थी। जिन पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति भाव में डूबे रहे थे। सोमवार सुबह उषा अर्घ्य और हवन पूजन के बाद समिति की ओर से सभी उपस्थित व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। 

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा व सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट पर निरंतर साफ सफाई, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और महिला व्रतियों के लिए विशेष चेंजिंग रूम बनाए गए थे। जिससे बिना किसी असुविधा के पूरे शहर के प्रमुख घाटों के साथ शीतलदास की बगिया का यह आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।