अंबिकापुर के विवेकानंद निकेतन स्कूल में हीलियम गैस सिलेंडर फटा, 40 स्टूडेंट व 5 अन्य घायल

स्कूल परिसर में निजी संगठन हिंदू युवा मंच द्वारा प्रचार प्रसार के उद्देश्य से एयर बैलून लगाया जा रहा था। इस दौरान लंच का समय होने के कारण आसपास बच्चे खेल रहे थे।

Publish: Oct 13, 2023, 10:43 AM IST

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के एक निजी स्कूल में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन स्कूल में दोपहर करीब दो बजे एयर बैलून में भरे जाने वाले हीलियम गैस से भरा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में 40 स्टूडेंट्स समेत कुल 45 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में निजी संगठन हिंदू युवा मंच द्वारा प्रचार प्रसार के उद्देश्य से एयर बैलून लगाया जा रहा था। इस दौरान लंच का समय होने के कारण आसपास बच्चे खेल रहे थे। जिस समय यह घटना हुई, जिसमें उक्त संगठन के लोगों सहित बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए। एयर बैलून और सिलेंडर के फटने से संगठन के पांच लोग व 40 स्कूली बच्चे घायल हो गए। 

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। 
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटनास्थल को सील कर तत्काल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसमें 28 बच्चे जिला अस्पताल में भेजे गए और 12 बच्चे मासूम हॉस्पिटल भेजे गए। सभी बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराते हुए प्राथमिक उपचार दिया गया है। 

प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को डिस्चार्ज भी कर दिया गया है। किसी भी बच्चे को कोई गंभीर चोटें नहीं आयी हैं। सभी को ऑब्ज़र्वेशन में रखा गया है और आवश्यक उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। इस घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस द्वारा नजदीकी सीसीटीवी की जांच शुरू की गई है। पुलिस द्वारा टीम गठित कर जांच की जा रही है। जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।