MP : ग्वालियर में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से हुई देवरानी-जेठानी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

ग्वालियर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें देवरानी-जेठानी की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा जेठानी का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

Updated: Apr 27, 2024, 02:19 PM IST

ग्वालियर। ग्वालियर में एक भीषण हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें देवरानी-जेठानी की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा जेठानी का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन चालक पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि शहर के मुरार क्षेत्र में रहने वाली रज्जोबाई अपने बेटे सोनू और देवरानी पुष्पा के साथ किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सल्लूपुरा गांव जा रही थी। तभी शिवपुरी रोड से तेज रफ्तार वाहन आ रहा था। जिसने बाइक को टक्कर मार दी। मौके से ड्राइवर अपने वाहन के लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान देवरानी-जेठानी ने दम तोड़ दिया। इधर, सोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका भी इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।