छत्तीसगढ़ में आखिरी चरण का मतदान आज, 70 सीटों पर ईवीएम में कैद होगी 958 उम्मीदवारों की किस्मत

Chhattisgarh phase 2 election: छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों पर आज 17 नवंबर को दूसरे चरण के तहत चुनाव कराए जाएंगे। गरियाबंद जिले की बिंद्रानवागढ़ सीट को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चुनाव होंगे।

Updated: Nov 17, 2023, 06:46 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों पर आज 17 नवंबर को दूसरे चरण के तहत चुनाव कराए जाएंगे। गरियाबंद जिले की बिंद्रानवागढ़ सीट को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चुनाव होंगे। नक्सल प्रभावित बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। राज्य में दूसरे चरण के चुनाव में डेढ़ करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट करेंगे। 

राज्य में दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 90 में से 20 सीटों पर मतदान हुआ और शेष 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। द्वितीय चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिनमें 827 पुरूष, 130 महिला और एक थर्ड जेंडर है।

द्वितीय चरण में प्रदेश के 1 करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष, 81 लाख 72 हजार 171 महिला और 684 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर कुल 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 700 संगवारी मतदान केंद्र हैं, जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ हैं।

दूसरे चरण में सबसे अहम राज्य की पाटन सीट पर वोटिंग होनी है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। बघेल के अलावा विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत (सक्ति सीट से) उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव (अंबिकापुर से) ताम्रध्वज साहू (दुर्ग ग्रामीण से) और रवींद्र चौबे (साजा) समेत राज्य के कई मंत्री कांग्रेस के प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।

2018 विधानसभा चुनाव में, कांग्रेस ने इन 70 विधानसभा सीटों में से 51 पर जीत हासिल की थी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी केवल 13 सीट और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) चार और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के प्रत्याशी दो सीटों पर विजयी हुए थे। 2018 के चुनावों में कांग्रेस ने राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 68 पर शानदार जीत दर्ज की थी।