इंदौर के हिंगोट युद्ध में बरसे आग के गोले, 20 से अधिक लोग झुलसे

इंदौर के गौतमपुरा में पारंपरिक हिंगोट युद्ध के दौरान करीब 20 लोग घायल हो गए।

Updated: Nov 10, 2026, 12:50 AM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के गौतमपुरा में दिवाली के अगले दिन आयोजित पारंपरिक हिंगोट युद्ध के दौरान करीब 20 लोग घायल हो गए। धोक पड़वा पर हुए इस मुकाबले में जलते हुए हिंगोट की चपेट में आने से कई योद्धाओं को चोटें आई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मुकाबले में गौतमपुरा के तुर्रा और रूणजी के कलंगी दल के सैकड़ों योद्धाओं ने हिस्सा लिया था।

हिंगोट युद्ध के दौरान दोनों पक्षों के प्रतिभागी पारंपरिक युद्ध सामग्री के साथ मैदान में उतरे थे। उनके पास बचाव के लिए ढाल, हिंगोट से भरे झोले और आग लगाने के लिए बांस की जलती हुई कीमची थी। इसके बाद दोनों दलों के बीच एक दूसरे पर जलते हिंगोट फेंकने का मुकाबला शुरू हुआ। हजारों की संख्या में लोग इस पारंपरिक आयोजन को देखने पहुंचे थे।

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मैदान में अलग अलग स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए थे। इनके जरिए पूरे मुकाबले पर लगातार नजर रखी गई थी। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मौके पर एंबुलेंस भी तैनात थी। SDO संघ हित सम्राट ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी CCTV कैमरों के माध्यम से की गई थी। आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे।

युद्ध समाप्त होने के बाद दोनों दलों के योद्धा अपनी ढाल लेकर घर लौटे। कुछ ढालों पर लिखा संदेश भी चर्चा का विषय रहा। उन पर लिखा था, 'हमसे व्यवहार बनाओगे तो अगला त्योहार मनाओगे।' हिंगोट युद्ध में शामिल योद्धा ऋषि ने बताया कि तुर्रा और कलंगी दल के सदस्यों के बीच साल के 364 दिन दोस्ताना संबंध रहते हैं। केवल एक दिन इस पारंपरिक मुकाबले में दोनों पक्ष आमने सामने होते हैं।

विधायक मनोज पटेल ने बताया कि हिंगोट युद्ध मालवा की सालों पुरानी परंपरा है। इस प्रतियोगिता में उस दल को विजेता माना जाता है। जिसके योद्धा विरोधी टीम के सबसे ज्यादा हिंगोट से भरे झोले नष्ट करते हैं। उन्होंने आयोजन स्थल पर मौजूद मैदान का विस्तार कराने के लिए राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

हिंगोट युद्ध की शुरुआत परंपरागत धार्मिक रीति से होती है। दिवाली के अगले दिन शाम करीब 4 बजे गौतमपुरा का तुर्रा और रूणजी का कलंगी दल अपने अपने निशान लेकर देवनारायण मंदिर पहुंचता है। यहां पूजा और दर्शन के बाद दोनों दल निर्धारित मैदान में पहुंचकर आमने सामने खड़े होते हैं।

परंपरा के अनुसार, मुकाबले की पहली आग गौतमपुरा के तुर्रा दल की ओर से रूणजी के कलंगी दल पर जलता हिंगोट फेंककर शुरू की जाती है। इसके बाद दोनों तरफ से एक दूसरे पर जलते हुए हिंगोट बरसाए जाते हैं।

हिंगोट युद्ध को मालवा की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन का हिस्सा माना जाता है। इसमें योद्धा अपने साहस और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करते हैं। आयोजन का उद्देश्य पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को जीवित रखना है। इसमें शामिल योद्धाओं का कहना है कि उन्हें इस मुकाबले में डर नहीं लगता बल्कि हिस्सा लेने में आनंद आता है।

हालांकि, इस आयोजन के साथ घायलों के इलाज का आर्थिक बोझ भी जुड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुकाबले में चोटिल होने वाले प्रतिभागियों को किसी तरह का मुआवजा नहीं दिया जाता। उन्हें अपने उपचार का पूरा खर्च खुद ही उठाना पड़ता है।