पाकिस्तान पर अफगानिस्तान का एयर स्ट्राइक, नूर खान एयरबेस समेत कई सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव तेजी से बढ़ गया है। अफगान वायु सेना ने पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस समेत कई ठिकानों पर हमला किया है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव अब खुली भिड़ंत का रूप लेता दिखाई दे रहा है। दोनों देशों के बीच जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई ने सीमा क्षेत्र में तनाव को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को दावा किया कि उसकी वायु सेना ने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए हैं। जिनमें रावलपिंडी स्थित पाकिस्तान एयरफोर्स का रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण नूर खान एयरबेस भी शामिल है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संघर्ष और तेज होने की आशंका जताई जा रही है।
अफगान रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि हमले सुनियोजित तरीके से पाकिस्तान के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए। मंत्रालय के अनुसार, रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस के अलावा बलूचिस्तान के क्वेटा में मौजूद 12वीं डिवीजन मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मंद एजेंसी स्थित ख्वाजाई सैन्य कैंप पर भी एयरस्ट्राइक की गई। अफगानिस्तान का दावा है कि इन हमलों के दौरान पाकिस्तान के कई अन्य रणनीतिक कमांड सेंटर भी निशाने पर रहे और शुरुआती आकलन में लक्षित ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
अफगान पक्ष ने स्पष्ट किया कि यह सैन्य कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा हाल ही में किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तान ने शनिवार और रविवार की रात काबुल, बगराम और अन्य इलाकों में बमबारी की थी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि इन हमलों में पाकिस्तान सेना के 32 सैनिक मारे गए। मंत्रालय के डिप्टी प्रवक्ता सेदुकुल्लाह नसरत के अनुसार, अफगान बलों ने कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान के दो ड्रोन भी मार गिराए।
दूसरी ओर पाकिस्तान ने भी बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू करने की पुष्टि की है। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया कि अफगान तालिबान की ओर से 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा पर 53 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए गए थे और पाकिस्तान के भीतर सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने गुरुवार रात गजब लिल हक नाम से सैन्य अभियान शुरू किया।
पाकिस्तानी सरकार के अनुसार, इस अभियान में अब तक 415 अफगान तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं। जबकि, 580 से अधिक घायल हुए हैं। तरार ने दावा किया कि सुरक्षा बलों ने 182 अफगान चौकियों को नष्ट कर दिया और 31 अन्य पर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा अभियान के दौरान 185 टैंक, बख्तरबंद वाहन और तोपों को भी नष्ट किए जाने का दावा किया गया है। पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान के भीतर 46 अलग-अलग स्थानों को हवाई हमलों के जरिए निशाना बनाया गया है।




