अमेरिका का ईरान के गैस प्लांट और पाइपलाइन पर बड़ा हमला, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ही ऐलान से लिया यू-टर्न
ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष में अब अमेरिका पावर प्लांट पर हमले अगले 5 दिनों के लिए रोकने का ऐलान कर चुका है। लेकिन ईरान का दावा है कि उसके पावर एंड एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर इजरायल-अमेरिका ने हमले किए हैं।
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 25वां दिन हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ही ऐलान से यूटर्न ले लिया है। अमेरिका ने अब ईरान के पावर एंड एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला शुरू कर दिया है। ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि मंगलवार को दो गैस संयंत्रों और एक पाइपलाइन को निशाना बनाया गया।
मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, ईरान के इस्फहान शहर में गैस प्लांट और गैस कंट्रोल स्टेशन को निशाना बनाया गया। इसके अलावा खोर्रमशहर के पावर प्लांट और उसकी गैस पाइपलाइन पर भी हमला हुआ।
वहीं लेबनान में ईरान समर्थक उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह ने आज इजराइल के 5 ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन अटैक किया। हिजबुल्लाह ने बताया कि उसने इजराइली सैनिकों की एक छावनी, रडार और तोपखाने को निशाना बनाया।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया बातचीत के बाद 15 मुद्दों पर सहमति बनी है। इन मुद्दों की पूरी लिस्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले 5 दिन के लिए टाल दिए, जबकि इससे पहले होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे की चेतावनी दी थी।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। वहीं, पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये के साथ मिलकर ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बातचीत की।




