ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों की मुफ्त रजिस्ट्री कराएगी कांग्रेस सरकार, दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान

नागदा-खाचरोद विधानसभा क्षेत्र में दिग्विजय सिंह का दौरा, ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों की मुफ्त रजिस्ट्री कराने का किया वादा

Updated: Nov 05, 2023, 01:55 PM IST

नागदा। मध्य प्रदेश फतह के लिए कांग्रेस पार्टी ने पूरी जोर लगा दी है। पार्टी के शीर्ष नेता प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी जनसंपर्क कार्यक्रम तेज कर दिए हैं। रविवार को दिग्विजय सिंह उज्जैन जिले के खाचरोद पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस सरकार आने पर ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों की मुफ्त रजिस्ट्री कराई जाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री रविवार सुबह 10 बजे इंदौर से खाचरोद पहुंचे। यहां उन्होंने नागदा-खाचरोद विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक, मण्डलम, सेक्टर, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सिंह ने कार्यकताओं से कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी दिलीप सिंह गुर्जर को जीत दिलाने के लिए लग जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया और बूथ स्तर तक सक्रिय होने को कहा। सिंह ने यहां बड़ा ऐलान करते हुए ये भी कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर ग्रामीण क्षेत्रों में पुश्तैनी मकानों की मुफ्त रजिस्ट्री कराई जाएगी।

दिग्विजय सिंह ने इस दौरान किसानों के लिए मुफ्त बिजली, ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर काम, किसानों को बेहतर एसएसपी देने का भी वादा किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश तेज़ी से बंद हो रहे शासकीय स्कूलों का भी मुद्दा भी उठाया। सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में क़रीब 29 हज़ार स्कूल बंद हो चुके हैं। भाजपा बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह खाचरोद से जावरा पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह सोलंकी के समर्थन में प्रचार किया। जावरा में सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा मतदान वाले दिन वे शाम तक अपने पोलिंग पर रहें क्योंकि इस थोड़ी सी मेहनत से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। सिंह ने ये भी दावा किया कि प्रदेश में 130 से अधिक सीटें जीतकर कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।

दिग्विजय सिंह जावरा के बाद रतलाम शहर और रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में भी जाएंगे और कार्यकर्ता सामेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद देर शाम वे झाबुआ पहुंचेंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों दिग्विजय सिंह ताबड़तोड़ दौरे पर हैं। शनिवार को भी सिंह ने पांच विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया था। सिंह इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।