MP में एक साल में 6 लाख बढ़े डायबिटीज के मरीज, महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या ज्यादा

मध्य प्रदेश में डायबिटीज के मरीजों में भारी इजाफा हुआ है। एक साल में शुगर के 6 लाख नए मरीज मिलने से आंकड़ा 24.23 लाख पहुंच गया है।

Updated: Nov 14, 2026, 12:58 PM IST

मध्य प्रदेश में डायबिटीज तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में एक साल के भीतर शुगर के मरीजों की संख्या करीब 6 लाख बढ़ गई है। साल 2024-25 में जहां 18.24 लाख मरीज चिह्नित किए गए थे वहीं 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 24.23 लाख पहुंच गया है। जिलों में जबलपुर सबसे आगे है। वहां मरीजों की संख्या 1.56 लाख से अधिक हो गई है। वहीं, बालाघाट में महज एक साल में मरीजों की संख्या में करीब 74 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, जबलपुर में 2024-25 के दौरान डायबिटीज के 1,18,851 मरीज थे। 2025-26 में इनकी संख्या बढ़कर 1,56,722 हो गई। इस तरह जिले में 37,871 नए मरीज चिह्नित हुए जो 31.86 प्रतिशत की वृद्धि है। इंदौर दूसरे स्थान पर है। वहां मरीजों की संख्या 94,076 से बढ़कर 1,27,302 हो गई। वहां एक साल में 33,226 मरीज बढ़े हैं।

यह भी पढ़ें:MP: खरगोन में 25 दिन में दूसरी बार भूकंप, 4.5 तीव्रता से 4 सेकंड तक हिली धरती

ग्वालियर और बालाघाट में भी स्थिति चिंताजनक है। ग्वालियर में मरीजों की संख्या 60,787 से बढ़कर 96,888 हो गई। वहां 59.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर बालाघाट में 41,471 मरीजों के मुकाबले 2025-26 में यह संख्या 72,106 पहुंच गई। यानी एक साल में 30,635 मरीज बढ़े और वृद्धि दर 73.87 प्रतिशत रही। प्रतिशत के लिहाज से बालाघाट शीर्ष जिलों में सबसे आगे है।

डायबिटीज के मामलों में छिंदवाड़ा में 98,895, रीवा में 95,292, सतना में 80,798, धार में 77,923, नर्मदापुरम में 64,961 और कटनी में 61,065 मरीज दर्ज किए गए हैं। छिंदवाड़ा में एक साल में 17,017, रीवा में 26,540, सतना में 17,851, धार में 16,265, नर्मदापुरम में 12,481 और कटनी में 18,902 मरीज बढ़े हैं। राजधानी भोपाल इस सूची में 15वें स्थान पर है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण 6 (NFHS-6) के अनुसार, मध्य प्रदेश में 15 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या महिलाओं की तुलना में ज्यादा है। प्रदेश के 18.3 प्रतिशत पुरुषों का ब्लड शुगर सामान्य से अधिक है या वे इसे नियंत्रित रखने के लिए दवाएं ले रहे हैं। महिलाओं में यह आंकड़ा 14.5 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ें:अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम फेल, 8 हजार उड़ानें रद्द, 15 लाख यात्री परेशान

शहरी क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर नजर आती है। वहां 21.6 प्रतिशत पुरुषों का ब्लड शुगर सामान्य से अधिक या बहुत अधिक है। इसका मतलब है कि शहरों में हर पांचवें पुरुष को हाई ब्लड शुगर की समस्या है। शहरी महिलाओं में यह आंकड़ा 18.6 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, खानपान और शारीरिक गतिविधियों के साथ रोजमर्रा की जीवनशैली भी ब्लड शुगर को प्रभावित करती है। देर रात तक मोबाइल चलाना, वेब सीरीज देखना, पर्याप्त नींद नहीं लेना और काम के अनियमित घंटे शरीर के मेटाबॉलिज्म पर असर डाल सकते हैं। निजी क्षेत्र में काम का दबाव और लंबे समय तक बैठे रहना भी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

इसके अलावा मांसपेशियां बनाने के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह स्टेरॉयड का इस्तेमाल करना भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। फास्ट फूड, मीठे पेय और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन वजन बढ़ने और डायबिटीज के जोखिम को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:असम के काजीरंगा में मिनी बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 24 यात्रियों की मौत, बस काटकर निकाले गए शव

डायबिटीज की शुरुआत में कई ऐसे संकेत दिखाई दे सकते हैं जिन्हें लोग सामान्य परेशानी समझकर अनदेखा कर देते हैं। बार बार पेशाब आना, सामान्य से ज्यादा प्यास और भूख लगना, बिना किसी प्रयास के वजन कम होना, लगातार थकान महसूस करना और धुंधला दिखाई देना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण लगातार बने रहने पर ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।

डायबिटीज के खतरे को कम करने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और संतुलित खानपान जरूरी है। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज चलना, साइकिल चलाना या तैराकी जैसी गतिविधियां करनी चाहिए। रोजाना 7 से 9 घंटे की पर्याप्त नींद लेने के साथ सोने और जागने का समय भी नियमित रखना चाहिए।

खाने में मीठे पेय, फास्ट फूड और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की मात्रा कम करके दालें, सब्जियां, मोटे अनाज और फाइबर युक्त चीजें शामिल करनी चाहिए। पेट की चर्बी और वजन नियंत्रित रखना भी जरूरी है। लंबे समय तक लगातार बैठने से बचना चाहिए। धूम्रपान और शराब से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें:MP: अमूल के बाद सांची के दूध 4 रुपए लीटर तक महंगे, 14 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

जिन लोगों के परिवार में पहले से डायबिटीज का इतिहास है या जो मोटापे जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए। गर्भवती महिलाओं के लिए भी डॉक्टर की सलाह पर शुगर की जांच कराना जरूरी है।

गर्भावस्था के दौरान मां का ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं रहने पर इसका असर गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में बच्चे का जन्म के समय वजन सामान्य से अधिक हो सकता है। आगे चलकर इन बच्चों में मोटापे और इंसुलिन रेजिस्टेंस विकसित होने का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसलिए गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और ब्लड शुगर पर नियंत्रण मां और बच्चे, दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।