बालाघाट में मुठभेड़, 28 लाख की इनामी दो महिला नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो कुख्यात महिला नक्सलियों को मार गिराया है। इन दोनों नक्सली महिलाओं पर पुलिस ने 14-14 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

Updated: Apr 22, 2023, 12:46 PM IST

बालाघाट। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात महिला नक्सलियों को मार गिराया है। इन दोनों नक्सली महिलाओं पर पुलिस ने 14-14 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। नक्सलियों के पास से हथियार और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं।

बालाघाट एसपी समीर सौरभ ने मीडिया को बताया कि शनिवार सुबह 3 बजे गढ़ी थाना क्षेत्र में कदला के जंगल में हॉकफोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस ने दो महिला नक्सलियों सुनीता और सरिता को मुठभेड़ में मार गिराया है। एसपी समीर सौरभ के मुताबिक मृत नक्सलियों के पास से बंदूकें, कारतूस और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। दोनों ही महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम जारी किया गया था।

यह भी पढ़ें: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे दिग्विजय सिंह, गर्भगृह में सपत्नीक पूजन-अर्चन और अभिषेक किया

एनकाउंटर के बाद बालाघाट पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि सुनीता भोरम देव में एरिया कमांडर रही थी। वह वर्तमान में विस्तार दलम में कार्य कर रही थी। वहीं सरिता नक्सली कबीर की गार्ड रह चुकी थी। साथ ही वह खटिया मोचा दलम में भी रही थी। वहीं वर्तमान में वह विस्तार दलम में सक्रिय थी। 

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो कुख्यात महिला नक्सलियों को मार गिराए जाने की सूचना के बाद बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ व हॉक फोर्स सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया।