छिंदवाड़ा में भीषण हादसा, CM की सभा से लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 10 की मौत और कई घायल
छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम सीएम मोहन यादव की सभा से लौट रही एक प्राइवेट बस चिखली गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना में 10 लोगों की जान चली गई। जबकि, कई अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव की सभा से लौट रही एक निजी बस उमरानाला चौकी क्षेत्र के चिखली गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने ही सबसे पहले पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घटना के तुरंत बाद घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। इनमें 6 पुरुष तीन महिला एक बच्ची शामिल है। बाकी घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।




