धार में भीषण सड़क हादसा, कार में आग लगने से 4 दोस्तों की मौत और एक गंभीर रूप से घायल

धार में रविवार रात सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे युवकों की तेज रफ्तार डिजायर कार डिवाइडर से टकराकर पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई जिससे अंदर फंसे चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

Updated: Oct 26, 2026, 12:56 PM IST

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। जबकि, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बदनावर क्षेत्र में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर एक डिजायर कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर नीचे जा गिरी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। जिससे अंदर फंसे चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास हुआ। कार में पांच दोस्त सवार थे। वे सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

यह भी पढ़ें:भोपाल ISBT में आधा दर्जन से ज्यादा बसों में लगी आग, यात्रियों की सभी ट्रिप कैंसिल

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, कार पुलिया के डिवाइडर से इतनी जोर से टकराई कि उसका इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा। टक्कर के बाद वाहन पुलिया से नीचे गिर गया और उसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार में फंसे चार युवक बाहर नहीं निकल सके। हादसे में एक युवक कार से बाहर गिर गया। जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20) पिता विक्रम चौधरी, चेतन चौधरी (20) पिता जीवन चौधरी, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) पिता संतोष तिवारी और अभिषेक सोलंकी पिता लक्ष्मण सोलंकी के रूप में हुई है।

अंकुश और चेतन बड़ी सागौर में धाकड़ धर्मशाला के पास रहते थे। आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर का निवासी था। जबकि, अभिषेक सोलंकी सुहागपुर, सागौर में रहता था।

यह भी पढ़ें:MP: मैपकास्ट के 57 लाख के वाहन बिलों पर सवाल, मोपेड और ई रिक्शा के नंबर पर इनोवा और ट्रैवलर की बुकिंग

हादसे में घायल युवक की पहचान तुषार मंडलोई (20) पिता मुकेश मंडलोई, निवासी माधोपुर के रूप में हुई है। दुर्घटना में उसे गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेज दिया।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। हालांकि, आग पर काबू पाने तक कार बुरी तरह जल चुकी थी और चार युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेज दिए हैं।