दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ग्वालियर HC को मिला ईमेल
इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ग्वालियर हाईकोर्ट की ईमेल आईडी पर आए धमकी भरा संदेश मिला।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद मध्य प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इस बार धमकी भरा ईमेल ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया है। संदेश में कॉन्सर्ट के मंच पर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाकर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर पुलिस, इंदौर पुलिस और भोपाल एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
यह ईमेल दो दिन पहले हाईकोर्ट की आईडी पर प्राप्त हुआ था। ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक सुतकीर्ति सोमवंशी ने धमकी भरा संदेश मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, धमकी में ग्वालियर के किसी स्थान को निशाना बनाने की बात नहीं कही गई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:शहडोल में पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
पुलिस की शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ईमेल भेजने के लिए इस्तेमाल किया गया IP एड्रेस विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं मेल भेजने वाले ने अपनी वास्तविक पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए फर्जी IP या किसी अन्य तकनीकी माध्यम का इस्तेमाल तो नहीं किया।
ग्वालियर और इंदौर पुलिस के साथ भोपाल एसटीएफ इस मामले की पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य ईमेल के वास्तविक स्रोत तक पहुंचना और धमकी भेजने वाले की पहचान करना है। इसके लिए संदेश से जुड़े तकनीकी पहलुओं को डिकोड किया जा रहा है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर इंदौर में पहले भी धमकी भरे ईमेल सामने आ चुके हैं। पिछले सप्ताह शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन ईमेल में बम धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। अब ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजे गए संदेश में सीधे 15 नवंबर के कॉन्सर्ट के मंच को निशाना बनाने की बात कही गई है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण इंदौर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
यह भी पढ़ें:इंदौर के हिंगोट युद्ध में बरसे आग के गोले, 20 से अधिक लोग झुलसे
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को लेकर इससे पहले दिल्ली और मुंबई में भी सुरक्षा संबंधी धमकियां मिल चुकी हैं। अक्टूबर में दिल्ली में प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा संबंधी इनपुट के चलते शुरुआत में पुलिस की अनुमति नहीं मिली थी। बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई और 30 अक्टूबर को शो आयोजित हुआ। वहीं, 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी ईमेल के जरिए धमकी मिली थी। इसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।




