किसान साल में 3 महीने काम करते हैं, 9 महीने ताश और नशे में बिताते हैं: BJP सांसद

खेत की तैयारी, बीज और खाद की व्यवस्था, बुवाई, सिंचाई, फसल की देखरेख, कीटों से बचाव और कटाई से लेकर उपज को मंडी तक पहुंचाने में किसान सालभर लगा रहता है: किसान नेता केदार सिरोही

Updated: Nov 10, 2026, 01:40 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपनी वाचाल प्रवृत्ति के कारण चर्चा में हैं। मिश्रा ने इस बार किसानों को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं, राजश्री खाते हैं, बोतल और चौंगी में समय बिताते हैं। सांसद के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर किसानों में नाराजगी है।

मऊगंज जिले के रकरी गांव स्थित कमल गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिश्रा ने ये बातें कहीं। जनार्दन मिश्रा ने अपने संबोधन में किसानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे साल के तीन महीने ही काम करते हैं। बाकी नौ महीने ताश खेलने, गुटखा खाने, शराब पीने और चौंगी पीने में गुजार देते हैं। सांसद की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब किसान खेती की बढ़ती लागत, मौसम की मार, कर्ज और फसलों के उचित दाम जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सांसद का यह बयान खेती-किसानी की वास्तविकता पर भी सवाल खड़े करता है। मिश्रा के बयान की किसान नेता केदार सिरोही ने आलोचना की है। उन्होंने कहा, "भाजपा का जो मूल स्वरूप है, वही जनार्दन मिश्रा हैं। इनके अंदर किसानों के प्रति जो भावना है, वही बात समय-समय पर वे नशे में कह जाते हैं। ये कॉरपोरेट के लोग हैं। कॉरपोरेट कभी किसान का हित नहीं चाहता। मध्य प्रदेश का किसान समझ रहा है कि उनके लिए इनके मन में कितना जहर भरा है।"

सिरोही ने कहा कि खेती महज तीन महीने का काम नहीं है। खेत की तैयारी, बीज और खाद की व्यवस्था, बुवाई, सिंचाई, फसल की देखरेख, कीटों से बचाव और कटाई से लेकर उपज को मंडी तक पहुंचाने में किसान सालभर लगा रहता है। फसल खराब होने पर उसकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। इसके बावजूद किसानों की मेहनत को तीन महीने तक सीमित कर देना और बाकी समय को ताश व नशे से जोड़ना ये भाजपाइयों की मानसिक दिवालियापन दर्शाता है।

दिलचस्प यह है कि जिस गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद किसानों की दिनचर्या पर सवाल उठा रहे थे, उसी दौरान उन्होंने हर परिवार से घर में गाय पालने की अपील भी की। उनका तर्क था कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसल खराब होने की स्थिति में पशुपालन और दूध से होने वाली आमदनी किसानों को आर्थिक सहारा दे सकती है। जनार्दन मिश्रा इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। इस बार उनके निशाने पर किसान हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग सांसद की टिप्पणी पर सवाल उठा रहे हैं। किसान संगठनों और विपक्ष की ओर से भी इसे किसानों का अपमान बताते हुए माफी की मांग की गई है।