काहे की ईको फ्रेंडली दिवाली, जमकर पटाखे फोड़ें, तीन दिन में कुछ नहीं बिगड़ेगा: कैलाश विजयवर्गीय
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में ईको फ्रेंडली दिवाली पर सवाल उठाते हुए जमकर पटाखे फोड़ने की अपील की। उनके बयान पर विवाद की आशंका है।
इंदौर। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दीपावली पर पटाखे फोड़ने को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। इंदौर में ईको फ्रेंडली दीपावली मनाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हिंदू त्योहारों के दौरान ही इस तरह का नैरेटिव खड़ा किया जाता है। उन्होंने लोगों को आतिशबाजी के लिए उकसाते हुए कहा कि दीपावली पर जमकर पटाखे फोड़ें, तीन दिन में कोई पहाड़ नहीं टूट पड़ेगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दीपावली आती है तो कहा जाता है कि कम पटाखे फोड़ो और नागपंचमी पर कहा जाता है कि नाग को दूध मत पिलाओ। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान राम के समय से मनाई जा रही है और लोग इस त्योहार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। इसलिए दीपावली पर जमकर पटाखे फोड़ने चाहिए। साथ ही पूजा-पाठ और भगवान की आराधना भी करनी चाहिए, ताकि उन पर भगवान की कृपा बनी रहे।
दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को इंदौर में अपने पारंपरिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। नंदा नगर स्थित अपनी मां के नाम पर स्थापित दुकान पर वह हर साल की तरह मुहूर्त की खरीदी-बिक्री के लिए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके नाती-पोते भी मौजूद रहे।
इसके बाद विजयवर्गीय शहर के परदेसीपुरा स्थित समाज कल्याण परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने नि:शक्त बच्चों और वृद्धजनों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के साथ अंत्याक्षरी खेली, गीत गाए और बच्चों व बुजुर्गों के साथ जमकर झूमे। उन्होंने सभी को दीपावली के उपहार भी भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया।विजयवर्गीय ने बताया कि वह पिछले 43 वर्षों से उन बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाते आ रहे हैं, जो अपनों से दूर वृद्धाश्रम में रहते हैं।




