MP Election 2023: नरेंद्र सिंह तोमर के चुनावी क्षेत्र दिमनी में गोलीबारी, केंद्रीय मंत्री के सभी चुनावी दौरे निरस्त

दिमनी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो गुटों में 15 राउंड फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए परिजन ने शनिवार को सड़क जाम कर दिया है।

Updated: Nov 04, 2023, 02:13 PM IST

दिमनी। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले हिंसक घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। शुक्रवार देर रात केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के चुनाव क्षेत्र दिमनी में गोलीबारी की घटना सामने आई। यहां दो गुटों में 15 राउंड फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद तोमर ने शनिवार को सभी चुनावी दौरे निरस्त कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद गाना बजाने को लेकर हुआ था। विधानसभा क्षेत्र के रथोलपुरा गांव में गाना बजाने को लेकर विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की उम्र 33 वर्ष बताई जा रही है। जिसकी पहचान एंजेल सिंह पुत्र आसाराम गुर्जर के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें: ED और BJP मिले हुए हैं, चुनाव आयोग संज्ञान ले, कांग्रेस ने केंद्रीय जांच एजेंसी पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी श्यामू तोमर ने मृतक युवक पर अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना की सूचना मिलती मौके पर दिमनी थाना पुलिस पहुंच गई। लेकिन पुलिस का पता चलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। फिलहाल मौके पर बीएसएफ की कंपनी ने मोर्चा संभाल लिया है।

उधर गुस्साए परिजनों ने शनिवार को सड़क जाम कर दिया है। दो किलोमीटर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। दिमनी विधानसभा से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव लड़ रहे हैं। घटना के बाद शनिवार को उनके सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं।