PM मोदी इतना टूर कर रहे हैं कि खुद ही MLA कैंडिडेट लग रहे हैं, भोपाल में बोले मल्लिकार्जुन खड़गे

18 साल में इन्होंने व्यापमं घोटाला किया, एग्जाम पेपर लीक किए। BJP का नारा है- सबका साथ, सबका विकास, गरीबों का सत्यानाश। हमारी सरकार आने पर घोटालों की इंक्वायरी करेंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे

Updated: Nov 15, 2023, 04:49 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में अब 48 घंटे से भी कम समय शेष हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भोपाल के बैरसिया और दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इतना टूर कर रहे हैं कि खुद ही MLA कैंडिडेट लग रहे हैं।

बैरसिया विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री हरिकरण के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, 'PM मोदी झूठ बोलते हैं। 15 लाख रुपए देने की बात कही थी, मिले क्या? हर साल दो करोड़ नौकरियां कहां हैं? आपमें विकास की ताकत नहीं है। हम आपको 2024 में गद्दी से बाहर कर देंगे। 17 नवंबर को यह महाशय (शिवराज सिंह चौहान) भी जाएंगे।' खड़गे ने कहा, '18 साल में इन्होंने व्यापमं घोटाला किया, एग्जाम पेपर लीक किए...। BJP का नारा है- सबका साथ, सबका विकास, गरीबों का सत्यानाश। हमारी सरकार आने पर घोटालों की इंक्वायरी करेंगे।'

यह भी पढ़ें: पुलिस वाहनों और एंबुलेंस में एक स्थान से दूसरे स्थानों पर शराब और पैसा भिजवा रही भाजपा: कांग्रेस

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा, 'जयश्री ने जो वादे किए उनको निभाना उनका काम है उन वादों को पूरा करना हमारा काम है। हम ये चाहते हैं इस मीटिंग के माध्यम से हमारे जो भी वादे हैं और चौहान साहब की सरकार ने जो घोटाले किए हैं उनको जनता तक पहुंचाया जाए। मोदी जी इतना टूर कर रहे हैं ऐसे में वे खुद एमएलए कैंडिडेट लग रहे हैं। अरे भाई इस देश के आप प्रधानमंत्री हो। वो सब छोड़कर गली-गली फिर रहे हैं। कहीं रास्ते में रैली निकाल रहे हैं। छोटे- मोटे गांव में जाकर भाषण दे रहे हैं। पहले तो आपको जो जिम्मेदारी और काम दिया है वो ठीक करो बाद में घूमते रहो। अपना घर ही उन्होंने ठीक नहीं रखा और चारों तरफ घूमते रहते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस देश में आज जो संविधान और लोकतंत्र बचा है वो कांग्रेस की वजह से बचा है। आरएसएस और बीजेपी वालों ने उनके भाषण देखकर लीड़र बनाया ? क्या देखकर बनाया मुझे तो मालूम नहीं। देश के लिए तो कुछ किया नहीं। वो हमसे पूछते हैं कांग्रेस ने क्या किया? अरे कांग्रेस वालों ने तो ये किया आजादी के बाद इस देश में एक सुई नहीं बनती थी। नट बोल्ट नहीं बनता था ऐसे जगह हमने रॉकेट तैयार करके भेज दिया। ये हमने किया।'

उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'हमसे पूछते हैं तुमने क्या किया? अरे हम जो करते हुए आए हैं उसी पर दूसरा तीसरा चंद्रयान चढ़ा। मेहनत हम करें, तालियां आप बजा रहे। एक इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज नहीं था। एम्स, आईआईटी जैसे संस्थान, बडे़-बडे़ कारखाने जिसको जवाहर लाल नेहरू ने कहा बडे़ कारखाने, बडे़ डैम आधुनिक मंदिर हैं। ये आधुनिक मंदिर हमने बनाया इसीलिए लोगों को पेट भर खाना मिल रहा है। क्या भाखड़ा डैम आपने बनाया? हीराकुंड आपने बनाया? नर्मदा का भी फाउंडेशन हमने डाला।'

इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री हरिकरण ने कहा, 'बैरसिया विधानसभा में 50 प्रतिशत कमीशन का सिस्टम चल रहा है। विष्णु खत्री जैसे विष्णु खतरा को हटाने का समय आ गया है। बिना पैसे दिए डीपी नहीं लगती। बैरसिया विधानसभा अंधेरे में हैं। गांवों में सड़क नहीं हैं। नल-जल योजना में भारी भ्रष्टाचार है। दो - दो किलोमीटर से बहनें और भाई जानवरों से ट्रेक्टर ट्रॉली से पानी लाना पड़ता है। सबसे ज्यादा सरपंच परेशान हैं। वे 50% कमीशन विष्णु खत्री मांगता है। जनता कांग्रेस को चाहती है। कांग्रेस की सरकार बन रही है।'