बिना मंत्रीमंडल की सरकार ने एक महीने में जारी किए 751 आदेश, दो लोग ही चला रहे हैं पूरी सरकार

महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने एक महीने का कार्यकाल पूरा कर लिया है, इस एक महीने में राज्य सरकार ने बिना मंत्रीमंडल गठित किए ही 751 सरकारी आदेश जारी कर दिए हैं

Updated: Aug 03, 2022, 11:42 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार का एक महीना पूरा हो चुका है लेकिन अभी भी कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है। हैरानी की बात ये है कि इस एक महीने के कार्यकाल में सरकार ने बिना मंत्रीमंडल के ही एक दो नहीं बल्कि कुल 751 आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें 100 से ज्यादा फैसले स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हुए हैं

शिवसेना से बगावत करने के बाद एकनाथ शिंदे ने 30 जून को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सीएम की शपथ लेने के बाद अबतक महाराष्ट्र सरकार 751 सरकारी आदेश जारी कर चुकी है। सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर ये आदेश उपलब्ध हैं। जबकि पूरी सरकार सिर्फ दो लोग ही चला रहे हैं। महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में शिंदे और फडणवीस दो ही सदस्य हैं।

यह भी पढ़ें: MP में मॉब लिंचिंग, गौ तस्करी के शक में मुस्लिम युवक को दी दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल

बिना कैबिनेट गठन के जारी हो रहे सरकारी आदेश अनिवार्य रूप से एक अनुमोदन आदेश है जिसमें विकास संबंधी कार्यों के लिए धनराशि जारी करने की मंजूरी दी जाती है। इस साल जून में, शिवेसना में विद्रोह होने के बाद, पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार ने भी चार दिन के अंदर 182 सरकारी आदेश जारी किए थे। इनमें से अधिकतर आदेश विभिन्न विकास संबंधी कार्यों के लिए हजारों करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने से संबंधित थे।

हालांकि तब विपक्ष में रही भाजपा ने इसपर आपत्ति जतायी थी। लेकिन अब खुद शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार एक महीने में 751 सरकारी आदेश जारी कर चुकी है। इस सरकार में बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री हैं। सीएम एकनाथ शिंदे ने का कहना है कि भले ही पूर्ण मंत्रिमंडल न हो, लेकिन सरकार कुशलतापूर्वक काम कर रही है। हमने ऐसे कई निर्णय लिए हैं जो जनोन्मुखी हैं।