कोलकाता के पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 4 साल के बच्चे समेत 9 की मौत और 6 घायल
कोलकाता में एक पांच मंजिला होटल में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में 4 साल के बच्चे समेत 9 लोगों की मौत और 6 घायल हुए।
कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित चलते थे और हादसे के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग और घने धुएं की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई जिनमें 4 साल का बच्चा भी शामिल है। साथ ही इस हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है।
आग लगने के बाद इमारत के कमरों में तेजी से धुआं भर गया था। इससे कई लोग अंदर फंस गए और दम घुटने की स्थिति बन गई थी। राहत एवं बचाव दल ने करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद इमारत में कूलिंग का काम जारी रहा था।
दमकलकर्मियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना था क्योंकि पूरी इमारत में घना धुआं भर गया था। कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया था। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। सभी मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी में मृतकों के बांग्लादेशी नागरिक होने की बात भी सामने आई थी और बताया गया था कि वे इलाज के लिए कोलकाता आए थे।
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इमारत में बुनियादी अग्नि सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन में लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं। यहां संचालित हो रहे होटलों को लेकर भी कई अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इमारत का मालिक घटना के बाद से फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में आग लगने की वजह के साथ-साथ इमारत और होटल संचालन से जुड़े सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है।
यह घटना पश्चिम बंगाल में लगातार दूसरे बड़े होटल अग्निकांड के बीच सामने आई है। इससे पहले 17 अगस्त को बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में मंदिर के पास एक होटल में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। वहां भी शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया था। घटना के बाद पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लेकर अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू की थी।




