न जनमत से छल स्वीकार है, न चढ़ावे में हेराफेरी, UP के ललितपुर में आगे बढ़ी दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
वोट चोरी और चंदा चोरी, दोनों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच हो। चुनाव ईवीएम मशीनों के बजाय मतपत्रों से कराए जाएं और दोनों ही मामलों में दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार कठोर सजा मिले: दिग्विजय सिंह
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" गुरुवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में आगे बढ़ी। यात्रा के 26वें दिन की पदयात्रा सुबह राजघाट बांध चौराहे से प्रारंभ हुई। मध्य प्रदेश की सीमा पार कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद यात्रा का यह पहला दिन रहा।
दिग्विजय सिंह के साथ पदयात्रियों ने राजघाट बांध चौराहे से रानीपुरा, मैलार और लागौन होते हुए तिगड्डा स्थित श्री हनुमान मंदिर तक पदयात्रा की। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। तिगड्डा में श्री हनुमान मंदिर के दर्शन के बाद दोपहर में भोजन एवं विश्राम किया गया।
दोपहर बाद पदयात्रा पुनः प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा ग्राम सीवोन कलां, खसुआ और बिनेका माफी होते हुए ललितपुर जिले के ग्राम खिरिया पहुंची। गुरुवार की पदयात्रा का समापन काला पहाड़ स्थित बुंदेला बंधु फार्म हाउस पर हुआ। यहां यात्रा में शामिल सभी पदयात्रियों के रात्रि भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के उत्तर प्रदेश पहुंचने के साथ ही अब बुंदेलखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और संवाद का सिलसिला आगे बढ़ रहा है। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए सत्य, न्याय, सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों को सामने लाना, समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना तथा चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक करना है।
यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमारी मांग स्पष्ट है कि वोट चोरी और चंदा चोरी, दोनों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच हो। चुनाव ईवीएम मशीनों के बजाय मतपत्रों से कराए जाएं और दोनों ही मामलों में दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार कठोर सजा मिले। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के एक-एक वोट की पवित्रता उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उनके द्वारा अर्पित चंदे एवं चढ़ावे की पवित्रता। जनता के मत के साथ छल और भगवान के नाम पर अर्पित दान में हेराफेरी स्वीकार नहीं है। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है कि जनता के मत की रक्षा हो, श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हो और किसी भी दोषी को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक संरक्षण के कारण कानून से बचने का अवसर न मिले। वोट का भी हिसाब हो, चंदे का भी हिसाब हो और दोषियों को सजा भी मिले। 
गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस यात्रा में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन, संतों से संवाद और सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से संपर्क के माध्यम से यात्रा के उद्देश्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।




