राज्यसभा चुनाव: BJP ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, MP से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल जाएंगे राज्यसभा
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया है।
नई दिल्ली/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया है। तरुण चुग पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश बीजेपी में बूथ प्रबन्धन इंचार्ज हैं।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए गुरुवार को 11 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इनमें गुजरात से 4, मध्य प्रदेश से 2, राजस्थान से 2, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर से 1-1 और ओडिशा राज्यसभा उपचुनाव के लिए 1 उम्मीदवार शामिल हैं। 12 राज्यों की 26 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। उसी दिन रिजल्ट भी आएगा।
मध्य प्रदेश की दो राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा ने एक ओर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय तरुण चुग पर भरोसा जताया है, वहीं लंबे समय से संगठन में सक्रिय रजनीश अग्रवाल को भी राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। चुग मूल रूप से पंजाब के अमृतसर से आते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं और पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं। वे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तेलंगाना समेत कई राज्यों के प्रभारी रह चुके हैं। चुनावी प्रबंधन में पार्टी की केंद्रीय टीम का अहम हिस्सा रहे हैं।
वहीं रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश सचिव हैं। संगठन में बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल में भी बूथ प्रबंधन प्रभारी की भूमिका का उल्लेख है। वे लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और प्रदेश स्तर पर कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वे पर्दे के पीछे काम करने वाले संगठनात्मक नेताओं में गिने जाते हैं। अग्रवाल की पहचान चुनावी नेटवर्क और कार्यकर्ता तंत्र को मजबूत करने के लिए है।




