एजबेस्टन में भारत-इंग्लैंड की टक्कर आज, 968 दिन बाद बुमराह की हुई वनडे में वापसी, RO-KO पर होंगी निगाहें
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे आज दोपहर 3:30 बजे से बर्मिंघम में खेला जाएगा। 968 दिन बाद जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी हो रही है। जबकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली भी एक्शन में दिखेंगे।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोपहर 3:30 बजे शुरू होने वाला यह मैच कई मायनों में खास रहने वाला है। करीब 968 दिन बाद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे। जबकि, हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा और भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भारतीय वनडे टीम की जर्सी में नजर आएंगे। 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में अब लगभग 15 महीने का समय बचा है। ऐसे में यह सीरीज भारत की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हालिया टी-20 सीरीज में इंग्लैंड से 4-0 की हार और उससे पहले आयरलैंड के खिलाफ मिली सीरीज हार के बाद भारतीय टीम वनडे प्रारूप में नई शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। हालांकि, आंकड़े भारत के पक्ष में हैं। दोनों देशों के बीच अब तक 110 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। जिनमें भारत ने 61 मैच जीते हैं। जबकि, इंग्लैंड को 44 जीत मिली हैं। वहीं, दो मुकाबले टाई और तीन बेनतीजा रहे थे। खास बात यह है कि भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांचों वनडे मुकाबले जीते हैं।
यह भी पढ़ें:उज्जैन नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता, एक का शव तालाब में मिला, दूसरे की तलाश जारी
मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने साफ किया है कि विराट कोहली टीम की 2027 वनडे विश्व कप योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। गिल ने बताया कि उनकी विराट के साथ टीम संयोजन और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा भी हुई है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी युवा टीम के लिए बड़ी ताकत साबित होगी।
भारतीय टीम की गेंदबाजी आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे। वह 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलेंगे। दूसरी ओर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या टीम का हिस्सा नहीं हैं। हार्दिक के रिप्लेसमेंट के तौर पर शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर के बीच मुकाबला माना जा रहा है। वहीं, चोटिल हर्षित राणा की अनुपस्थिति में प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है।
इंग्लैंड टी-20 सीरीज की लय को वनडे में भी कायम रखना चाहेगा। हालांकि, पिछले डेढ़ साल में टीम का वनडे प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। 2024 के बाद इंग्लैंड सात में से पांच द्विपक्षीय वनडे सीरीज हार चुका है और पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी थी। इसके बावजूद घरेलू परिस्थितियों में इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ी उम्मीद जो रूट हैं। जिन्होंने साल 2024 के बाद वनडे क्रिकेट में 65.93 की औसत से 1055 रन बनाए हैं। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में भी उन्होंने 247 रन बनाकर शानदार फॉर्म का परिचय दिया था।
यह भी पढ़ें:MP की सबसे बड़ी साइबर ठगी: CA से ठगे 21.05 करोड़ रुपए, पुलिस ने अब तक फ्रिज किए 2.05 करोड़
इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। माना जा रहा है कि इंग्लैंड दौरे पर यह दोनों दिग्गजों की आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है। रोहित का इंग्लैंड में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने यहां सात वनडे शतक लगाए हैं और उनका औसत 64.9 का है। एजबेस्टन में उनका औसत 89.4 तक पहुंचता है। वहीं, विराट कोहली अपनी पिछली सात वनडे पारियों में छह बार अर्धशतक या उससे बड़ा स्कोर बना चुके हैं। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाई थी।
एजबेस्टन का रिकॉर्ड मेजबान टीम के पक्ष में जाता है। इंग्लैंड ने इस मैदान पर साल 2015 से लगातार सात वनडे मुकाबले जीते हैं। हालांकि, पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट देती है लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी आसान हो जाती है। ऐसे में मैच के शुरुआती 10 ओवर निर्णायक साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना नहीं है और पूरे मैच में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे/वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल रशीद




