लॉर्ड्स में MP की बेटी क्रांति गौड़ का ऐतिहासिक कारनामा, 5 विकेट लेकर ऑनर बोर्ड पर दर्ज किया नाम
लंदन के लॉर्ड्स में भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ महिला टेस्ट में 37 रन देकर 5 विकेट झटककर वह लॉर्ड्स ऑनर बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
भारत की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे महिला टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 ओवर में 37 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उनका नाम अब लॉर्ड्स के प्रसिद्ध ऑनर बोर्ड पर दर्ज किया जाएगा। वह लॉर्ड्स में टेस्ट मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं।
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के बीच 10 जुलाई से चार दिवसीय महिला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। खास बात यह है कि लॉर्ड्स में पुरुषों का पहला टेस्ट मैच खेले जाने के 142 साल बाद पहली बार महिला टेस्ट मुकाबले का आयोजन हो रहा है। इस ऐतिहासिक मुकाबले में क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को झकझोरते हुए 17 ओवर में 7 मेडन डालकर सिर्फ 37 रन खर्च किए और पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
यह भी पढ़ें:बैंकॉक के पब में आधी रात को लगी भीषण आग, 27 लोगों की मौत और 63 घायल
लॉर्ड्स के पवेलियन में लगा ऑनर बोर्ड क्रिकेट जगत की सबसे प्रतिष्ठित उपलब्धियों में माना जाता है। इस बोर्ड पर उन खिलाड़ियों के नाम दर्ज किए जाते हैं जो टेस्ट या वनडे मैच में शतक लगाते हैं या एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा करते हैं। पहले इस सूची में केवल पुरुष खिलाड़ियों के नाम शामिल किए जाते थे लेकिन साल 2019 में मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने महिला क्रिकेटरों को भी इस सम्मान में शामिल करने की मंजूरी दी। अब क्रांति गौड़ का नाम भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बनेगा।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के छोटे से गांव घुवारा की रहने वाली क्रांति गौड़ की इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके भाई मयंक सिंह ने कहा कि यह सिर्फ उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनकी बहन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही है।
यह भी पढ़ें:MP: गूगल पर डॉक्टर का नंबर ढूंढना पड़ा भारी, APK डाउनलोड करते ही 2.94 लाख की ठगी
क्रांति गौड़ के पूर्व कोच राजीव विल्थरे ने भी उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हर क्रिकेटर और हर कोच का सपना होता है कि उसका खिलाड़ी लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेले और शानदार प्रदर्शन करे। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रांति आगे भी इसी तरह बेहतरीन प्रदर्शन करती रहेंगी और विश्व क्रिकेट में एक बड़ी तेज गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेंगी।




