राहुल गांधी फिर बनें कांग्रेस अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पास किया प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक विश्वास जगा है, उनके मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में ही कांग्रेस पार्टी की नींव और अधिक मजबूत होगी

Updated: Feb 07, 2021, 03:37 AM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कार्यकारिणी और सभी ज़िला कमेटियों के अध्यक्षों की शनिवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को दोबारा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत सभी लोगों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।  

बैठक में पारित इस प्रस्ताव की जानकारी ख़ुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने ट्विटर पर प्रस्ताव की कॉपी शेयर करते हुए लिखा है, “छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि माननीय राहुल गांधी जी को पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाए। माननीय राहुल जी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक विश्वास जगा है। उनके ही मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की नींव और अधिक मजबूत होगी।

 

 

राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि राहुल के कार्यकाल में ही कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसे राज्यों में सत्ता में वापसी की थी। राहुल के पद छोड़ने के बाद पार्टी के भीतर से यह मांग बार-बार उठती रही है कि उन्हें फिर से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। लेकिन राहुल अब तक इससे इनकार करते आ रहे हैं। राहुल गांधी के पद छोड़ने के बाद से सोनिया गांधी ही एक बार फिर से कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं।