Chhattisgarh: कांकेर में पकड़ा गया नक्सलियों के लिए हथियार बनाने वाला गिरोह, 6 गिरफ्तार

कांकेर पुलिस ने हथियार बनाने का सामान जब्त किया, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद

Updated: Sep 28, 2020, 10:40 PM IST

Photo Courtesy: dailynews24
Photo Courtesy: dailynews24

कांकेर। जिला पुलिस और बीएसएफ की टीम को सोमवार को एक बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कांकेर के कोयलीबेड़ा थाना इलाके से नक्सलियों के लिए अस्त्र-शस्त्र बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षाबलों ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। दरअसल सुरक्षा बलों की टीम सर्चिंग पर निकली थी। तभी उन्हे जुमड़ा गांव में एक खेत में एक झोपड़ी दिखाई दी। पुलिस को शंका हुई जिसके बाद वे झोपड़ी में पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि वह झोपड़ी चैतू राम मंडावी की है। पुलिस को आया देख वहा मौजूद 6 लोग भागने लगे।

पुलिसबल ने फुर्ती दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने झोपड़ी से बड़ी संख्या में हथियार और हथियार बनाने का सामान जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चैतू राम मंडावी, सोमारो नरेटी, सुधीर नरेटी, सोमजी मंडावी, मंगलू राम मंडावी और सुंदरलाल आंचला के रूप में हुई है।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में हथियार बनाने की बात कबूल ली है। पुलिस ने आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके जेल भेज दिया है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ में जुटी है, जिससे गिरोह के अन्य लोगों का खुलासा हो सके।