दुनिया का सबसे खतरनाक देश है पाकिस्तान: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का बड़ा बयान

डेमोक्रेटिक पार्टी की चुनाव अभियान समिति के स्वागत समारोह में बाइडेन ने कहा, 'मुझे लगता है कि शायद दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है, पाकिस्तान, जो बिना किसी सामंजस्य के परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है।'

Updated: Oct 15, 2022, 07:50 AM IST

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पाकिस्तान को दुनिया के उन सबसे खतरनाक देशों में से एक करार दिया है, जिनके पास परमाणु हथियार मौजूद है। डेमोक्रेटिक पार्टी की चुनाव अभियान समिति के स्वागत समारोह में बाइडेन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि शायद दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है, पाकिस्तान, जो बिना किसी सामंजस्य के परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है।'

व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर बाइडेन की स्पीच की ट्रांस्क्रिप्ट अपलोड है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह टिप्पणी वैश्विक स्तर पर बदलते भू-राजनीतिक स्थिति के संदर्भ में की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘दुनिया तेजी से बदल रही है और देश अपने गठबंधनों पर पुनर्विचार कर रहे हैं। और इस मामले की सच्चाई यह है- मैं वास्तव में इस पर विश्वास करता हूं- कि दुनिया हमारी ओर देख रही है। मजाक नहीं है। यहां तक ​​कि हमारे दुश्मन भी यह पता लगाने के लिए हमारी ओर देख रहे हैं कि हम इसको परिस्थिति को कैसे संभालते हैं, क्या करते हैं। बहुत कुछ दांव पर लगा है।'

यह भी पढ़ें: भुखमरी में भारत की हालत पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर, 121 देशों की लिस्ट में मिली 107वीं रैंक

जो बाइडेन ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि अमेरिका के पास दुनिया को उस स्थान पर ले जाने की क्षमता है, जो पहले कभी नहीं हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘क्या आप में से किसी ने कभी सोचा था कि क्यूबा मिसाइल संकट के बाद एक रूसी नेता आएगा, जो सामरिक परमाणु हथियारों के उपयोग की धमकी देगा- तीन, चार हजार लोगों को मार सकता है और इसे जायज ठहरा सकता है?'

बाइडेन ने आगे कहा कि, 'क्या किसी ने सोचा था कि हम ऐसी स्थिति में होंगे जहां चीन, रूस, भारत और पाकिस्तान के सापेक्ष अपनी भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रहा है?' अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के बारे में बात करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति ने उन्हें एक ऐसा व्यक्ति बताया, जो जानता था कि वह क्या चाहता है, लेकिन उसके समक्ष समस्याओं की एक ‘विशाल’ श्रृंखला थी। बाइडेन ने कहा, ‘रूस में जो हो रहा है, हम उसको कैसे संभालेंगे? और मुझे लगता है कि शायद दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है, पाकिस्तान, जो बिना किसी सामंजस्य के परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है।'