छावा फिल्म देखने के बाद जमीन खोदने लगे लोग, सोने का सिक्का ढूंढने बुरहानपुर में उमड़ी लोगों की भीड़

विक्की कौशल की फिल्म छावा देखने के बाद मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में कई लोग खुदाई के औजार और मेटल डिटेक्टर लेकर सोना खोजने पहुंच गए।

Updated: Mar 08, 2025, 05:45 PM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के असीरगढ़ गांव में सोने के सिक्कों की अफवाह ने हंगामा मचा दिया है। सिक्कों की तलाश में गांव के लोग रात के समय खेतों में खुदाई करने पहुंच रहे हैं। इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

दरअसल, कुछ दिन पहले नेशनल हाईवे निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था। खुदाई के दौरान JCB ने एक दरगाह के पास की मिट्टी को हारून शेख नाम के किसान के खेत में डंप कर दिया। इसी दौरान मजदूरों को पुराने सिक्के मिले। इसके बाद पूरे गांव में ये खबर फैल गई कि खेत से मुगलकालीन सोने और चांदी के सिक्के निकल रहे हैं। 

यह भी पढे़ं: जबलपुर कलेक्टर और एसपी पर 50 हजार का जुर्माना, राजनीतिक दबाव में जिलाबदर करने का आरोप

बता दें कि इन दिनों चर्चा में चल रही फिल्म छावा में भी बुरहानपुर का जिक्र है। ये मूवी मुगलकाल की कहानी बयां कर रही है। फिल्म देखने के बाद लोग आश्वस्त हो गए कि यहां खजाना छिपा हुआ है। इसके बाद लोगों का हुजूम खेत खोदने में जुट गया। लोग अपने साथ मेटल डिटेक्टर और कुदाल लेकर खुदाई करने लगे। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ लोगों को सिक्के मिले भी हैं।

इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अंधेरी रात है, लेकिन लोग बड़ी तादाद में एक जगह पर पहुंचे हुए हैं और खुदाई कर रहे हैं। जिसके बाद छलनियों से इस मिट्टी को छान भी रहे हैं। कुछ लोगों का दावा है कि यहां पर सोने के सिक्के मिल रहे हैं। इसलिए और भी अन्य गांव से भी लोगों की भीड़ यहां पर सोना ढूंढने के लिए पहुंच रही है।

बहरहाल, मामला सामने आने के बाद SDM और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और खेत में खुदे गड्ढे देखे। खेत मालिक से पूछताछ भी की गई। SDM ने कहा कि अगर किसी के पास सिक्के हैं तो वे प्रशासन को सौंप दें। बिना इजाजत कोई भी खेत में खुदाई ना करे. अगर ऐसा करते पाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि इतिहासकारों का कहना है कि बुरहानपुर मुगलकाल में धनवान शहर था। यहां सिक्के बनाने की टकसाल भी थी। कई लोग अपने खजाने को जमीन में छिपा देते थे। इसलिए अब भी जमीन के नीचे पुराने खजाने मिलने की संभावना बनी रहती है।