जबलपुर में प्रसाद की मिठाई खाने से हुई फूड पॉइजनिंग, 6 बच्चे और 11 महिलाएं समेत कुल 19 लोग बीमार

जबलपुर के भेड़ाघाट में त्रिपुर सुंदरी मंदिर का प्रसाद खाने से 19 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। राजस्थान स्वीट्स की मिठाई खाते ही लोगों को उल्टी और दस्त की समस्या होने लगी।

Updated: Feb 14, 2026, 07:07 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान चढ़ाए गए प्रसाद की मिठाई खाने के बाद 19 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। बीमार पड़ने वालों में 6 बच्चे और 11 महिलाएं शामिल हैं। सभी को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अधिकांश की हालत स्थिर बताई जा रही है। जबकि, इंद्रपाल पटेल नामक एक मरीज की स्थिति गंभीर होने पर उसे नागपुर के बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार ने भेड़ाघाट चौराहे पर स्थित राजस्थान स्वीट्स नामक दुकान से करीब 4 किलो मिठाई खरीदी थी। यह मिठाई भेड़ाघाट क्षेत्र के प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर (हथियागढ़) में पूजा के बाद प्रसाद के रूप में वितरित की गई। प्रसाद खाने के कुछ घंटों के भीतर ही लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें शुरू हो गई। जब एक के बाद एक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन घबराकर सभी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें:शहडोल में वन विभाग की टीम पर खनन माफिया का हमला, पुलिस पर सहयोग ने करने के लगे आरोप

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है और उनका इलाज जारी है। हालांकि, इंद्रपाल पटेल नाम के व्यक्ति की स्थिति चिंताजनक पाई गई है। मरीज को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि शुरुआती लक्षण फूड पॉइजनिंग की ओर संकेत करते हैं।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। खाद्य सुरक्षा टीम ने संबंधित दुकान से मिठाई के नमूने लेकर जांच के लिए फूड सेफ्टी लैब भेज दिए हैं। प्रारंभिक स्तर पर मिठाई में बैक्टीरियल कंटेमिनेशन या एक्सपायर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम पुष्टि लैब रिपोर्ट के बाद ही होगी। दूसरी ओर पीड़ित परिवार ने भेड़ाघाट थाने में दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि खराब या मिलावटी मिठाई बेचे जाने के कारण यह सामूहिक बीमारी फैली। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:सुनने की क्षमता घटा रहा धुम्रपान, लार ग्रंथियां भी हो रहीं प्रभावित, AIIMS भोपाल की रिसर्च में बड़ा खुलासा